Spain General Strike: बढ़ते किराए पर स्पेन में 14 साल बाद लाखों कर्मचारियों की हड़ताल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

स्पेन में आवास संकट के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर बुधवार को लाखों कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। देश में तीन सप्ताह से भी कम समय बाद आम चुनाव होने हैं, जिनके बाद धुर दक्षिणपंथी दल के सत्ता में आने की संभावना है। स्पेन में पिछले 14 वर्ष में यह पहली आम हड़ताल है।

इसके कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में देरी होने और यूरो क्षेत्र की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले इस देश में कारोबार, कारखानों तथा दुकानों का कामकाज धीमा पड़ने या पूरी तरह बंद होने की आशंका है। बुधवार की इस हड़ताल को लेकर कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम नागरिकों के हित एवं अपेक्षाएं अलग-अलग हैं। स्पेन में पिछले 10 वर्ष में मकानों का औसत किराया लगभग दोगुना हो गया है।

इससे परिवारों के बजट पर भारी बोझ पड़ रहा है और मतदाताओं में नाराजगी बढ़ रही है। पिछले महीने मैड्रिड में 87 वर्षीय एक महिला को उसके घर से निकाले जाने की घटना का राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारण होने के बाद आवास संकट को लेकर लोगों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। ‘मैरिकारमेन’ के नाम से चर्चित हुई इस महिला की बाद में मौत हो गई, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया।

वह उन स्पेनवासियों की समस्याओं का प्रतीक बन गईं, जो मकानों का भारी किराया चुकाने को मजबूर हैं और अपना घर खरीदने की कल्पना भी नहीं कर सकते। आवास अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने मैरिकारमेन को घर से निकाले जाने पर उपजे आक्रोश के बीच आम हड़ताल का आह्वान किया। जल्द ही उन्हें स्पेन के दो प्रमुख श्रमिक संगठनों यूजीटी और सीसीओओ का समर्थन मिल गया।

ये कार्यकर्ता कई कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, जिनमें पर्यटकों को अपार्टमेंट किराये पर दिए जाने की व्यवस्था समाप्त करना और किरायेदारों की सुरक्षा के लिए किरायानामे का स्वतः नवीनीकरण सुनिश्चित करना शामिल है। यूजीटी और सीसीओओ आवास बाजार में सरकार के अधिक हस्तक्षेप और कारोबारियों के संगठन के साथ बातचीत के जरिए न्यूनतम वेतन पर नया समझौता करने की मांग कर रहे हैं। हड़ताल का आधिकारिक नारा है, ‘‘वेतन, आवास, कीमतें।’’ मैरिकारमेन को घर से निकाले जाने के विरोध में देशभर में हुए प्रदर्शनों के बाद स्पेन सरकार ने किरायेदारों को राहत देने और उन्हें घरों से निकाले जाने पर अंकुश लगाने के लिए आपातकालीन उपाय लागू करने की पहल की।

हालांकि, संसद में दक्षिणपंथी दलों ने इन उपायों को मंजूरी देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि इनके लागू होने से मकान मालिक अपनी संपत्तियां किराये पर देना बंद कर सकते हैं, जिससे किराये के लिए उपलब्ध मकानों की संख्या घट जाएगी। इसके जवाब में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने अपना राजनीतिक रुख और कड़ा करते हुए पांच अक्टूबर को आम चुनाव कराने की घोषणा कर दी। उन्हें उम्मीद थी कि इससे उनके नेतृत्व वाले वामपंथी गठबंधन को चार और वर्ष तक सत्ता में बने रहने का मौका मिलेगा लेकिन इसके बाद दो तेज रफ्तार रेलगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 69 लोगों की मौत हो गई।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस दुर्घटना ने सांचेज के चुनाव प्रचार अभियान पर प्रतिकूल असर डाला। राजनीतिक विश्लेषक ओरिओल बार्टोमियस का मानना है कि यह हड़ताल सांचेज की सोशलिस्ट पार्टी और उन अन्य वामपंथी दलों के लिए एक अवसर है।

प्रमुख खबरें

1977 में हार के बाद Rahul Gandhi के जन्मदिन पर नहीं आए थे साथी, Sonia Gandhi ने आत्मकथा में किया जिक्र

Team India के स्टार बल्लेबाज Sanju Samson ने 11 साल के संघर्ष के बाद बनाई खास पहचान

Bhai Dooj पर यमराज और यमुना के मिलन से शुरू हुई परंपरा, पढ़ें पूरी पौराणिक कथा

11 November History: मौलाना आजाद की जयंती और प्रथम विश्व युद्ध की समाप्ति समेत कई ऐतिहासिक घटनाएं