अहमदाबाद Commonwealth Games 2030 के लिए केंद्र देगा 2000 करोड़ रुपये की मदद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026

केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार को 2000 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई है। इस राशि का प्रावधान राष्ट्रीय खेल महासंघों को सहायता देने की संशोधित योजना के तहत किया गया है। अहमदाबाद को पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिली थी।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि गुजरात सरकार को दी जाने वाली यह सहायता राष्ट्रीय खेल महासंघ सहायता योजना (एएनएसएफ) के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले बजट से पूरी की जाएगी। इस योजना को 16वें वित्त आयोग के कार्यकाल के तहत 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके लिए कुल 7,386.74 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए गुजरात सरकार को 2025 की कीमतों के आधार पर अधिकतम 2000 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर समायोजन के बाद 2030 में यह राशि लगभग 2500 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जरूरत के मुताबिक, गुजरात सरकार के अनुरोध पर राशि जारी की जाएगी।’’ इस साल ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का कार्यक्रम बजट की कमी के कारण काफी सीमित कर दिया गया था।

वहां केवल 10 खेलों को शामिल किया गया है और हॉकी, कुश्ती तथा क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों को कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। इसके मुकाबले अहमदाबाद में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। भारत की योजना प्रतियोगिता में 15 से 17 खेलों को शामिल करने की है।

इससे खिलाड़ियों और खेल प्रशंसकों को अधिक स्पर्धाओं का अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्रमुख खबरें

Election Commission की सुनवाई से पहले घट सकती हैं कई घटनाएं, Derek OBrien का दावा

Supreme Court: चुनावी हलफनामे में झूठी जानकारी देने पर आम नागरिक दर्ज करा सकते हैं आपराधिक केस

Vinoo Mankad Trophy में Rahul Dravid के बेटे Anvay Dravid ने 151 रन बनाकर Karnataka को जिताया

DP World भारत में करेगी 5 अरब डॉलर तक का अतिरिक्त निवेश, बुनियादी ढांचे पर जोर