Kusal Mendis के शतक से श्रीलंका ने England को दूसरे ODI में 16 रन से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 25, 2026

कप्तान कुसल मेंडिस के 121 रन और दुनिथ वेलालगे के तीन अहम विकेटों की बदौलत श्रीलंका ने बृहस्पतिवार को यहां दूसरे वनडे में इंग्लैंड को 16 रन से हराकर सीमित ओवरों के मौजूदा दौरे पर अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे शृंखला 1-1 से बराबर हो गई है और अब इसका फैसला रविवार को द ओवल में होने वाले निर्णायक मुकाबले में होगा। इंग्लैंड को हालांकि स्टार बल्लेबाज जोस बटलर के बिना उतरना पड़ सकता है, जिन्हें 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बाएं हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों) में चोट लग गई।

एक समय इंग्लैंड को आखिरी 10 ओवर में 63 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम लक्ष्य से 16 रन दूर रह गयी। बटलर अंतिम ओवरों में लंगड़ाते हुए दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन 69 रन पर आउट हो गए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले श्रीलंका के कप्तान मेंडिस ने एकदिवसीय में अपना सातवां शतक लगाया।

उन्होंने 14 चौके और तीन छक्के जड़े और टीम को छह विकेट पर 321 रन तक पहुंचाया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस (54) के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की, जबकि मध्यक्रम में पवन रतनायके ने 39 गेंदों पर 48 रन बनाए। वेलालगे (49 रन पर तीन विकेट) ने लगातार ओवरों में बेन डकेट (67), टॉम बैंटन (73) और हैरी ब्रूक (1) को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 157 रन कर दिया।

डकेट और बैंटन ने पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की थी। इंग्लैंड ने मंगलवार को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए पहले वनडे में श्रीलंका को 89 रन से हराया था। इससे पहले श्रीलंका तीन मैचों की टी20 शृंखला में 0-3 से हार गया था।

प्रमुख खबरें

Congress का PM Modi पर आरोप, 2024 के बाद SSR रोककर Gen-Z के वोटिंग अधिकार को किया प्रभावित

एशियाई खेलों में कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने 10m Air Pistol में जीता Gold

भारत के साथ संबंध बेहतरीन, राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच व्यावहारिक रुख अपना रहा Nepal: शिशिर खनाल

Joshna Chinappa और सेंथिलकुमार की जोड़ी Asian Games के सेमीफाइनल में, पदक किया पक्का