By अंकित सिंह | May 17, 2022
श्रीलंका की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। कभी अपनी खूबसूरती के लिए श्रीलंका दुनिया में जाना चाहता था लेकिन आज वह बर्बादी की कगार पर है। श्रीलंका की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। महिंदा राजपक्षे की जगह रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। जिसके बाद इस बात की उम्मीद जगी थी कि शायद कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि यह होता दिखाई नहीं दे रहा है। श्रीलंकाई प्रधानमंत्री की ओर से सोमवार देर रात एक के बाद एक कई ट्वीट किए गए। ट्वीट के जरिए उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि देश की वास्तविक आर्थिक हालात लगातार खराब होती जा रही है।
विक्रमसिंघे ने कहा कि पूरी बैंकिंग प्रणाली डॉलर की कमी से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि अन्य गंभीर चिंता दवाइयों की कमी है। उन्होंने कहा कि हृदय संबंधी दवा समेत कई दवाइयों एवं सर्जिकल उपकरण की भारी कमी है। दवाओं, चिकित्सा आपूर्ति एवं मरीजों के लिए भोजन के वास्ते चार महीनों के लिए भुगतान नहीं किये गये हैं। उनके प्रति भुगतान राशि 34 अरब रूपये (श्रीलंकाई)है।’’ उन्होंने कहा कि अभी हमें और मुश्किल स्थिति का सामना करना होगा। संभावना है कि महंगाई और बढे। उन्होंने कहा कि 2022 के विकास बजट के स्थान पर राहत बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इन दिनों बहुत घाटे में चल रही श्रीलंका एयरलाइंस का निजीकरण का प्रस्ताव रखेंगे।