By अनन्या मिश्रा | Mar 31, 2026
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री मीना कुमारी ने 31 मार्च को इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपने शानदार अभिनय के कारण हिंदी सिनेमा में एक खास मुकाम हासिल किया। फिल्म इंडस्ट्री में मीना कुमारी को 'ट्रेजडी क्वीन' कहा जाता था। अभिनेत्री मीना कुमारी का फिल्मी करियर जितना ज्यादा शानदार था, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ज्यादा दुख भरी रही थी। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में अपना सफर शुरू किया था। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर अभिनेत्री मीना कुमारी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
बता दें कि 50-60 के दशक में मीना कुमारी हिंदी सिनेमा को सबसे बड़ी एक्ट्रेस बन गई थीं। साल 1952 में फिल्म 'बैजू बावरा' से मीना को पहली बड़ी कामयाबी मिली थी। इसके बाद अभिनेत्री ने फिल्म 'परिणीता', 'साहिब बीबी और गुलाम', 'काजल' और 'दिल अपना और प्रीत पराई' जैसी फिल्मों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। मीना की आंखों और आवाज दर्द बयां करके की कला बेमिसाल थी। साल 1972 में आई फिल्म 'पाकीजा' मीना कुमारी की सबसे यादगार फिल्म मानी जाती है। अपनी दमदार एक्टिंग के चलते मीना कुमारी ने तीन बार फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किया था।
मीना कुमारी की पर्सनल लाइफ ज्यादा सुखद नहीं थी। पति कमाल अमरोही से अलगाव और पर्सनल लाइफ की परेशानियों ने उनको शराब की लत की ओर धकेल दिया था। एक्ट्रेस की यह लत सेहत के लिए काफी खतरनाक साबित हुई। वहीं 31 मार्च 1972 को महज 38 साल की उम्र में मीना कुमारी ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था।