Strait of Hormuz में LPG टैंकर MT Tara Gas पर हमला, एक भारतीय नागरिक लापता और 2 घायल, भारत ने की कड़ी निंदा

By रेनू तिवारी | Nov 18, 2026

समुद्री व्यापार मार्गों पर बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में एक और व्यावसायिक जहाज को निशाना बनाया गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने जानकारी दी है कि इस सप्ताह की शुरुआत में पनामा के झंडे वाले एलपीजी (LPG) टैंकर 'MT तारा गैस' (MT Tara Gas) पर हुए हमले के बाद चालक दल में शामिल एक भारतीय नागरिक लापता हो गया है, जबकि दो अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि टैंकर पर सवार कुल 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।

भारत ने LPG टैंकर पर हुए हमले की निंदा की
भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर पर हुए हमले की निंदा की है। साथ ही, भारत ने एक बार फिर मांग दोहराई है कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद किया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम 16 नवंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर 'MT तारा गैस' पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं।"

भारत ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का सिलसिला खत्म होना चाहिए। मंत्रालय ने आगे बताया, "जहाज पर सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित खसाब (Khasab) पहुंचा दिया गया है। घायल हुए दो भारतीय चालक दल के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है।"

विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास, ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर चल रहे खोज और बचाव अभियान पर बारीकी से नजर रख रहा है। मंत्रालय ने कहा, "हम बचाव कार्यों में ओमान सरकार द्वारा दी गई त्वरित मदद और सहयोग की सराहना करते हैं।" नई दिल्ली ने कहा कि "इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये नागरिक नाविकों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा करते हैं।"

बयान में कहा गया, "व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।"

घायलों में एक भारतीय नाविक भी शामिल
इससे पहले, फारस की खाड़ी (Persian Gulf) से गुजर रहे लाइबेरिया के झंडे वाले एक बहुत बड़े कच्चे तेल वाहक (VLCC) जहाज 'MT फुजैराह एनर्जी' (MT FUJAIRAH ENERGY) पर एक प्रोजेक्टाइल (हमले की वस्तु) आ गिरा। इस घटना में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। X पर एक पोस्ट में, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मंगलवार को जब जहाज पर हमला हुआ, तो उस पर छह भारतीय नाविक सवार थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "10 नवंबर को, लाइबेरिया के झंडे वाला VLCC 'MT फुजैराह एनर्जी' - जिस पर 6 भारतीय नाविक सवार थे - अल रुवाइस से दुबई जाते समय फारस की खाड़ी में एक प्रक्षेप्य (प्रोजेक्टाइल) की चपेट में आ गया। इस हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। उसे मामूली चोटें आई हैं और आगे की चिकित्सीय जांच के लिए सुरक्षित रूप से किनारे पर ले आया गया है। चालक दल के बाकी 18 सदस्य, जिनमें अन्य 5 भारतीय नाविक भी शामिल हैं, सुरक्षित हैं और सभी का पता चल गया है।"

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में 15 भारतीय नाविकों सहित कुल 23 भारतीय नागरिकों की जान चली गई है, जबकि काला सागर (ब्लैक सी) क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।

प्रमुख खबरें

Total Chess World Championship Tour: Arjun Erigaisi और Praggnanandhaa ने जीते क्लासिफिकेशन मैच

Akshay Navami पर भगवान विष्णु की आराधना से मिलता है संतान सुख और सौभाग्य, यहां देखें मुहूर्त

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

US NSA का आंतरिक नेटवर्क NSANet ठप, एजेंसी ने नियमित रखरखाव को बताया वजह