By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, चार नवंबर वर्जीनिया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए फिर से चुने गए भारतीय-अमेरिकी सांसद सुहास सुब्रमण्यम ने हमेशा जारी रहने वाले युद्धों को खत्म करने की मांग करने, लागत कम करने के लिए अनावश्यक शुल्क के खिलाफ लड़ने, और धोखाधड़ी एवं भ्रष्टाचार के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन को जवाबदेह ठहराने का संकल्प जताया है। मंगलवार को हुए चुनावों में, वर्जीनिया के 10वें संसदीय जिले में सुब्रमण्यम ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डेव बेकविथ को हराया। सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा, “संसद में अपने समुदाय की सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।
सांसद ने कहा, “हम एआई और डेटा सेंटरों पर भी नियम-कायदे लागू करेंगे, अनावश्यक शुल्कों को हटाकर लागत कम करेंगे और धोखाधड़ी तथा भ्रष्टाचार के लिए इस प्रशासन को जवाबदेह ठहराएंगे।” उन्होंने वाशिंगटन में बदलाव लाने के लिए समुदाय के साथ मिलकर काम करने का भी संकल्प लिया। सुब्रमण्यम उन कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से एक हैं, जिन्होंने अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में जीत हासिल की। मंगलवार को संपन्न हुए इन चुनावों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को एक बड़ा झटका दिया है।