Gehlot से दो साल से सुरक्षा मांग रहे थे Sukhdev Singh Gogamedi, करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या से क्षुब्ध समर्थक धरने पर बैठे

By नीरज कुमार दुबे | Dec 05, 2023

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े उनके घर में घुस कर गोली मार कर हत्या कर दी। देखा जाये तो राजस्थान में कानून व्यवस्था की लचर हालत अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल की शुरुआत से ही शुरू हो गयी थी और इस सरकार के कार्यकाल के अंत तक वैसी ही स्थिति बनी रही। यदि अशोक गहलोत ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की सुरक्षा दिये जाने की मांग मान ली होती तो आज शायद वह जिंदा होते। इसलिए सवाल उठता है कि सुखदेव सिंह की हत्या के असल जिम्मेदार कौन हैं? 


हम आपको बता दें कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली लगने की खबर मिलते ही उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गयी जिसको देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता किया गया है। इस बारे में पुलिस ने बताया है कि मंगलवार दोपहर श्यामनगर इलाके में चार-पांच हथियारबंद गोगामेड़ी के घर में घुसे और उन्होंने उन पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने बताया है कि गोली चलाने वाले हमलावरों की पहचान हो गयी है और उनमें से एक नवीन शेखावत को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। इस बीच खबर है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। 

इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली Sukhdev Gogamedi की हत्या की जिम्मेदारी, BJP बोली- राज्य को अपराधमुक्त करना हमारी प्राथमिकता

दूसरी ओर यह मुद्दा अब राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है तो वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूँ। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पुलिस कमिश्नर से जानकारी ली है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ़्तारी के लिए कहा है। गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक्स पर लिखा कि सामाजिक जनों को शांति और धैर्य रखना होगा। भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राज्य को अपराधमुक्त करना हमारी अग्रणी प्राथमिकताओं में है। 


इस बीच, राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार चार-पांच हमलावर गोगामेड़ी के घर में घुसे और गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से गोगामेड़ी, उनके एक गार्ड एवं एक अन्य व्यक्ति घायल हो गये। उधर, जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने इस बात की पुष्टि की कि इलाज के दौरान गोगामेड़ी की मौत हो गई। जोसेफ ने बताया कि एक हमलावर की भी मृत्यु हुई है और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।


दूसरी ओर सुखदेव सिंह के बाहर करणी सेना के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया है और मांग की है कि जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाएंगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी जायेगी तब तक वह यहां से नहीं जायेंगे। करणी सेना के लोगों ने आरोप लगाया कि सुखदेव सिंह दो साल से गहलोत सरकार से सुरक्षा मांग रहे थे लेकिन उनकी गुहार नहीं सुनी गयी और नतीजतन उनकी हत्या हो गयी।

प्रमुख खबरें

सोशल मीडिया बैन से वीजा जांच तक: बदलती वैश्विक नीतियां और बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव

MGNREGA की जगह नया ग्रामीण रोजगार कानून, VB-G RAM G विधेयक संसद में पेश होने की तैयारी

ICICI Prudential AMC IPO को ज़बरदस्त रिस्पॉन्स, दूसरे ही दिन फुल सब्सक्राइब हुआ

थोक महंगाई में नरमी के संकेत, नवंबर में थोक मूल्य सूचकांक - 0.32 प्रतिशत पर पहुंची