Maharashtra में सूखे से निपटने को नहीं होगी फंड की कमी, सुनेत्रा पवार ने Nanded में दिए निर्देश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने शुक्रवार को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सूखे से निपटने से जुड़े कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पानी की कमी से लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपमुख्यमंत्री ने नांदेड़ जिले में सूखे की स्थिति, पेयजल की उपलब्धता और पशुओं के लिए चारे की जरूरतों की समीक्षा की और प्रशासन को स्थिति से निपटने के लिए एक प्रभावी आकस्मिक योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को दो और तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया, जिससे राज्य में 358 तालुकों में से सूखाग्रस्त तालुकों की कुल संख्या बढ़कर 310 हो गई है। इनमें से कई तालुके नांदेड़ जिले में हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने निर्देश दिया कि जिन गांवों में पानी की किल्लत है, वहां तत्काल पानी के टैंकर को मंजूरी दी जाए।

साथ ही, प्रत्येक तहसील के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए और 24 घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार धनराशि की कमी के कारण सूखे से निपटने के उपायों को लंबित नहीं रहने देगी। उन्होंने अधिकारियों को 19 नवंबर को जारी सरकारी आदेश (जीआर) के अनुसार जिला योजना समिति की वार्षिक योजना के तहत उपलब्ध धनराशि का उपयोग करने का निर्देश दिया।

चारे की संभावित कमी से निपटने के लिए उन्होंने अधिकारियों को पानी की उपलब्धता वाले किसानों के बीच चारा फसलों के बीज वितरित करने का निर्देश दिया। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सरकार किसानों द्वारा उत्पादित चारे को उचित दरों पर खरीदेगी। उन्होंने प्रशासन को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित हों।

पवार ने बैंकों को निर्देश दिया कि वे किसानों को सिबिल (क्रेडिट) स्कोर की शर्त लगाए बिना आसानी से और समय पर फसल ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने बैंकों को कर्ज वसूली के लिए दबाव बनाने वाले तरीकों का इस्तेमाल नहीं करने की भी हिदायत दी।

प्रमुख खबरें

कृषि भवन परिसर की मस्जिद को लेकर Delhi High Court में याचिका, 23 नवंबर को सुनवाई

इराक युद्ध की तरह US फिर गढ़ रहा फर्जी कहानी, जैविक हथियारों के दावों पर बोला Iran

Maatrubhumi: May War Rest In Peace का गाना Madirapan रिलीज़, -7 डिग्री की ठंड में सलमान खान के स्वैग और शूटिंग के अनुभवों की पूरी कहानी

FICCI सम्मेलन में भाषण पर Mallikarjun Kharge का वार, PM Modi पर विफलताएं मढ़ने का आरोप