Supertech twin towers case: सुप्रीम कोर्ट ने ट्विन टावर को गिराने के लिए 28 अगस्त की तारीख तय की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 12, 2022

नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने नोएडा की एमराल्ड परियोजना से जुड़े सुपरटेक के 40 मंजिला ट्विन टावर को ढहाने के लिए शुक्रवार को 28 अगस्त की तारीख तय की। शीर्ष अदालत ने तकनीकी या मौसम संबंधी कारणों से देरी होने की स्थिति में ट्विन टावर को ढहाने की समय सीमा में चार सितंबर तक ढील भी दी। न्यायालय ने इससे पहले नियमों के उल्लंघन को लेकर दोनों इमारतों को गिराने के लिए 21 अगस्त की समय सीमा निर्धारित की थी। न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति ए. एस. बोपन्ना की पीठ ने दोनों टावर को गिराने की कवायद में जुटी एजेंसियों को इस आधार पर 29 अगस्त से चार सितंबर के बीच की एक सप्ताह की अतिरिक्त ‘मोहलत’ दी कि तकनीकी या मौसम संबंधी कारणों से इमारतों को ढहाने की प्रक्रिया में कुछ देरी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: पांच साल में सरकारी बीमा कंपनियों को हुआ 26,364 करोड़ का नुकसान, स्वास्थ्य कारोबार में आई गिरावट

शीर्ष अदालत ने कहा था, “विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को पूरा करने की अवधि 28 अगस्त 2022 तक बढ़ाई जाती है। इस आदेश के पारित होने की तारीख और सुनवाई की अगली तारीख से एक हफ्ते पहले के बीच की तारीख तक नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा) द्वारा सभी हितधारकों की बैठक बुलाने के बाद संबंधित फैसले के क्रियान्वयन के संबंध में उठाए जा रहे कदमों पर एक स्थिति रिपोर्ट दायर की जानी चाहिए।” नोएडा प्राधिकरण ने 28 फरवरी को शीर्ष अदालत को सूचित किया था कि ध्वस्तीकरण के लिए काम शुरू हो गया है और ट्विन टावर 22 मई तक पूरी तरह से ढहा दिए जाएंगे। प्राधिकरण ने अपनी पिछली स्थिति रिपोर्ट में कहा था कि इन विशाल संरचनाओं के ध्वस्तीकरण के बाद 22 अगस्त तक पूरे मलबे को हटा लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल 31 अगस्त को शीर्ष अदालत ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ ‘मिलीभगत’ कर भवन मानदंडों का उल्लंघन करने के मामले में दोनों निर्माणाधीन टावर को तीन महीने के भीतर गिराने का आदेश दिया था।

प्रमुख खबरें

MNS की Mumbai में दो टूक, मराठी न बोलने वाले ऑटो चालक छोड़ें महाराष्ट्र

Ayodhya Ram Mandir में चढ़ावे की चोरी पर संतों का रोष, Champat Rai के खिलाफ किया प्रदर्शन

TMC के पूर्व MLA Soham Chakraborty पर बढ़ई से मारपीट का आरोप, कोलकाता पुलिस में केस दर्ज

NSA Ajit Doval ने Beijing में Wang Yi से की सीमा वार्ता, LAC पर शांति पर जोर