Supreme Court ने विरोध-प्रदर्शनों के नियमन पर केंद्र और कॉजपा नेताओं को भेजा नोटिस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को एक वकील संगठन की उस याचिका पर विचार करने पर सहमति जताई, जिसमें सार्वजनिक प्रदर्शनों और विरोध-प्रदर्शनों के नियमन के लिए एक समान दिशा-निर्देश और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने केंद्र सरकार, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य को नोटिस जारी किया। वकील संगठन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी पेश हुए।

शीर्ष अदालत वकील संगठन ‘लॉयर्स वॉयस’ की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शनों के आयोजकों और उनमें भाग लेने वालों की जिम्मेदारियां तय करने के लिए व्यापक, एकसमान और प्रभावी दिशा-निर्देश तैयार करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। याचिका में कहा गया है कि असहमति जताना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विरोध-प्रदर्शन कानूनी दायरे में होने चाहिए और इनके कारण राजधानी का जनजीवन ठप नहीं होना चाहिए।

साथ ही, वकीलों की आजीविका भी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। याचिका में कहा गया है, ‘‘एक उचित रिट, आदेश या निर्देश जारी किया जाए, जिसके तहत प्रतिवादियों को लागू कानूनों, वैध प्रतिबंधों या सक्षम अधिकारियों के उचित निर्देशों का उल्लंघन करके किए जाने वाले सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शनों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा करने, उसमें संशोधन करने, उसे तैयार करने और लागू करने का निर्देश दिया जाए। इसका उद्देश्य सामान्य जनजीवन बहाल रखने के लिए समय पर और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।’’ याचिका में जुलाई और अक्टूबर 2026 के दौरान कॉजपा की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शनों का हवाला दिया गया है।

मीडिया में आयी खबरों का उल्लेख करते हुए याचिका में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस ने आयोजकों की ओर से दिए गए आश्वासन के आधार पर ‘एक बार की विशेष छूट’ देते हुए कॉजपा को छह जून, 2026 को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जंतर-मंतर पर धरना देने की अनुमति दी थी। याचिका के अनुसार, 20 जून, 2026 को भी केवल एक दिन के लिए सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई और दी गई थी, लेकिन तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदर्शन बंद नहीं किया गया। याचिका में कहा गया है, ‘‘प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की कोई अनुमति नहीं दी गई थी और आयोजकों ने बिना किसी अनुमति के एकतरफा तौर पर अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा कर दी।

खबरों के मुताबिक, यह धरना 25 जुलाई, 2026 तक जारी रहा, यानी करीब 35 दिनों तक। इस दौरान 20 जुलाई, 2026 को अधिकारियों की अनुमति के बिना संसद की ओर मार्च भी निकाला गया।’’ याचिका में कहा गया है कि सात अक्टूबर को दास की ओर से एक पत्र मिला था, जिसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी गई थी। आयोजकों ने इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई थी।

याचिका के मुताबिक, ‘‘दिल्ली पुलिस ने नौ अक्टूबर को यह कहते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया कि प्रस्तावित कार्यक्रम से महज तीन दिन पहले सूचना दी गई थी, जबकि इसके लिए 10 दिन पहले सूचना देना निर्धारित है।’’ याचिका में कहा गया है, ‘‘यह भी बताया गया था कि आयोजक पहले भी वैध निर्देशों और अपने ही आश्वासनों का पालन करने में विफल रहे थे। अनुमति देने से इनकार करने का आधार कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात का नियमन था।’’ इसमें कहा गया कि पुलिस की ओर से अनुमति देने से इनकार किए जाने के बावजूद आयोजकों ने लोगों से एकत्र होने की अपील जारी रखी। इसमें कहा गया है, ‘‘कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए 10 अक्टूबर की सुबह तक करीब 1,500 लोगों को हिरासत में लेना पड़ा, जबकि कुछ अन्य मीडिया संस्थानों ने हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या इससे अधिक बताई थी।’’ याचिका में कहा गया है, ‘‘इन घटनाओं से जुड़ी शिकायतों में एक समान बात यह है कि विरोध-प्रदर्शन सक्षम अधिकारियों की ओर से लगाई गई शर्तों की अनदेखी करके या उनकी अनुमति के बिना जारी रखे गए अथवा आयोजित करने का प्रयास किया गया।’’

प्रमुख खबरें

Karthigai Deepam: RSS पर बरसे Congress सांसद मणिकम टैगोर, लगाया सियासी फायदे उठाने का आरोप

संविधान की हत्या करना Congress के DNA में है, Shivraj Singh Chouhan का तीखा हमला

नए अवतार में छाईं Sai Pallavi! मणिरत्नम की Inji Vellam के गाने Aachi Aachi में छोटे बालों और गर्भवती लुक ने जीता फैंस का दिल

राहुल के समर्थन में रितेश देशमुख ने यूं ही नहीं पत्नी को गोद में बैठाया, असली खेल सुनकर दंग रह जाएंगे!