Kalyani Family की 1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति पर मध्यस्थता विफल, सुप्रीम कोर्ट ने मांगा विकल्प

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

कल्याणी परिवार की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से जारी उत्तराधिकार विवाद को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का प्रयास विफल हो गया है। इस मामले में मध्यस्थ नियुक्त किए गए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव ने सोमवार को शीर्ष अदालत को यह जानकारी दी। भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने विवाद से जुड़े पक्षों से सभी विवादों के निपटारे के लिए एकमात्र पंच (आर्बिट्रेटर) नियुक्त करने की संभावना तलाशने को कहा।

पीठ ने कहा, ‘‘प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, मध्यस्थता विफल रही है। हम पक्षों से एकमात्र पंच के जरिए विवाद सुलझाने की संभावना तलाशने का आग्रह करते हैं। याचिकाकर्ता और प्रतिवादी संख्या पांच के वकीलों को इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

डॉ. अभिषेक सिंघवी (अन्य पक्षों की ओर से) इस बारे में निर्देश प्राप्त करें कि क्या सभी विवाद एक ही पंच को सौंपे जा सकते हैं।’’ अदालत ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद के लिए निर्धारित की। न्यायालय ने कल्याणी परिवार की पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने की संभावना तलाशने के लिए न्यायमूर्ति राव को 13 जुलाई को एकमात्र मध्यस्थ नियुक्त किया था। शीर्ष अदालत ने भारत फोर्ज के चेयरमैन बाबा कल्याणी और उनकी बहन सुगंधा हिरेमठ की ओर से पेश वरिष्ठ वकीलों से उत्तराधिकार विवाद को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने की संभावना तलाशने का आग्रह किया था।

वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी, कपिल सिब्बल और आर्यमा सुंदरम कल्याणी परिवार की ओर से पेश हुए थे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम दीवान ने सुगंधा हिरेमठ का प्रतिनिधित्व किया। यह विवाद कल्याणी परिवार की पैतृक संपत्ति पर दावों से जुड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। इस संबंध में विभिन्न अदालतों और न्यायिक मंचों पर कार्यवाही चल रही है।

प्रमुख खबरें

अस्तित्व बचाने के लिए गठबंधन, ममता बनर्जी और वाम दलों की संभावित नजदीकियों पर बंगाल के मंत्री शरतवत मुखर्जी का हमला

Wellington Test ड्रॉ कराने पर बोले Shubman Gill, गेंदबाजों को आराम देना था जरूरी

Kannur में CPM नेता धनराज हत्याकांड में 3 BJP कार्यकर्ता दोषी, 16 बरी

Ramayana के संगीत पर 3 साल की मेहनत: AR Rahman ने ठुकराए 12 प्रोजेक्ट्स, रावण तांडव को लेकर कही बड़ी बात