Suresh Gopi ने Karnataka के E20 फ्यूल टेस्ट पर उठाए सवाल, एथनॉल मिश्रण का किया बचाव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल की मात्रा का पता लगाने के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा अपनाए गए जांच के तरीकों पर सवाल उठाए और ई20 ईंधन को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज किया। कर्नाटक सरकार की ओर से की गई जांच में कथित तौर पर पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गोपी ने कहा कि 27 और 28 प्रतिशत एथनॉल की मात्रा ‘‘अस्वीकार्य’’ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या नमूने सीधे रिफाइनरियों से एकत्र किए गए थे।

उन्होंने कहा कि ईंधन उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले कई चरणों से गुजरता है। इसमें परिवहन और पेट्रोल पंपों पर भूमिगत टैंकों में उसका भंडारण भी शामिल है। गोपी ने कहा, ‘‘हम अन्य व्यवस्थाओं की जांच की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं।

ईंधन का परिवहन किया जाता है और पेट्रोल पंपों पर भूमिगत टैंकों में उसका भंडारण होता है। हमने वहां न तो कैमरे लगाए हैं और न ही उन सुविधाओं को सील किया है।’’ उन्होंने कहा कि तेल कंपनियां केंद्र सरकार के नियमों और नीतियों का पालन करने के लिए जिम्मेदार हैं। निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर जांच भी की जाती है।

गोपी ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की पर्यावरण संबंधी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना और स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना उसकी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे को अभी क्यों उठाया जा रहा है?

हमने हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का परिचालन पहले ही शुरू कर दिया है। जीवाश्म ईंधन से हाइड्रोजन सहित ऊर्जा के नए स्रोतों की ओर बढ़ना वैज्ञानिक दृष्टि से जरूरी है।’’ उन्होंने कहा कि एथनॉल मिश्रण का उद्देश्य जीवाश्म ईंधन के दहन से वायुमंडल पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करना और पर्यावरण की स्थिरता को बेहतर बनाना है। पराग्वे और ब्राजील जैसे देशों का उदाहरण देते हुए गोपी ने कहा कि वहां पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण का स्तर काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम वैकल्पिक ईंधन की ओर दुनिया भर में हो रहे व्यापक बदलाव का हिस्सा है। ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल के लिए उपभोक्ताओं को मजबूर किए जाने की चिंताओं पर गोपी ने कहा कि ऐसा कोई दबाव नहीं है और लोगों के पास विकल्प मौजूद हैं। केरलम सरकार के पेट्रोल के नमूनों की जांच कराने के फैसले के बारे में पूछे जाने पर गोपी ने कहा कि राज्य को इस तरह की जांच कराने का पूरा अधिकार है।

प्रमुख खबरें

Kozhikode की कार्यशाला में आधी रात को लगी भीषण आग, 13 दोपहिया वाहन खाक

Delhi Private School Admission: नर्सरी और केजी में दाखिला प्रक्रिया 1 दिसंबर से होगी शुरू

Ayodhya से Janakpur के बीच सीधी ट्रेन, Yogi Adityanath ने बताया सांस्कृतिक संबंधों में नया अध्याय

Bisleri ने FSSAI के आरोपों को नकारा, पैक्ड पेयजल को बताया सुरक्षित