IND vs ENG: सूर्यकुमार का शतक बेकार, इंग्लैंड ने जीता मैच, सीरीज पर टीम इंडिया का कब्जा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 10, 2022

नाटिंघम। इंग्लैंड ने डेविड मलान की 39 गेंद में 77 रन की अर्धशतकीय पारी के बाद कसी गेंदबाजी से रविवार को यहां तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 17 रन से हराकर सांत्वना भरी जीत दर्ज की। भारत ने पहले दो मैच जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने मलान (छह चौके, पांच छक्के) और लिविंगस्टोन (29 गेंद में नाबाद 42 रन) के बीच चौथे विकेट के लिये 84 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरूआती तीन विकेट पावरप्ले में गंवा दिये थे लेकिन सूर्यकुमार यादव (117) और श्रेयस अय्यर (28 रन) के बीच चौथे विकेट के लिये 62 गेंद में 119 रन की साझेदारी निभाकर टीम को इन झटकों से उबारा। पर सूर्यकुमार की 55 गेंद में 14 चौके और छह छक्कों जड़ित पारी के बावजूद टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 198 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के ओर से रीस टॉप्ले सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा डेविड विली ने दो और क्रिस जॉर्डन ने अंतिम ओवर में दो विकेट प्राप्त किये। भारत की शुरूआत ही अच्छी नहीं रही, टीम ने पावरप्ले में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (01), विराट कोहली (11) और कप्तान रोहित शर्मा (11) के विकेट गंवा दिये थे। छह ओवर में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन था। टॉप्ली ने दूसरे ओवर में पंत को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। फिर कोहली क्रीज पर उतरे। कोहली ने तीसरे ओवर में विली पर मिड विकेट पर शानदार चौका लगाने के बाद अगली गेंद पर आकर्षक छक्का जड़ा। पर अगली ही गेंद को कवर पर उठाने की कोशिश में आसान सा कैच देकर आउट हुए। सूर्यकुमार ने फिर ग्लीसन पर अपनी पारी का पहला चौका जड़ा। 

इसे भी पढ़ें: विराट कोहली बन गए हैं टीम इंडिया की सबसे कमज़ोर कड़ी? इंग्लैंड के खिलाफ फॉर्म में लौटे भारतीय गेंदबाद

इंग्लैंड के मजबूत बल्लेबाजी लाइन अप का प्रदर्शन पहले दो मैचों में निराशाजनक रहा था लेकिन उन्होंने भारतीय के दूसरे दर्जे के आक्रमण को धो दिया। रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट चटकाये जिनका गेंदबाजों में प्रदर्शन शानदार रहा। आवेश खान ने अपने पहले दो ओवर में एक विकेट लेकर केवल छह रन दिये थे लेकिन फिर अगले दो ओवर में काफी रन लुटाये। उन्होंने चार ओवर में 43 रन देकर एक विकेट झटका। दूसरे ओवर में उमरान मलिक का स्वागत कप्तान बटलर ने कवर प्वाइंट पर चौका लगाकर किया। उन्होंने पांचवीं गेंद कोमिड विकेट पर एक छक्के के लिये भेजा और फिर एक्सट्रा कवर पर चौका लगाया। इस ओवर में 17 रन जुड़े। जेसन रॉय ने भी अगले ओवर में रवि बिश्नोई पर छक्का लगाया। गेंदबाजी की शुरूआत करने वाले आवेश खान को अपने दूसरे ही ओवर में बटलर (18 रन) का महत्वपूर्ण विकेट मिला, उनकी आफ स्टंप के बाहर जाती धीमी गेंद इंग्लैंड के कप्तान के स्टंप उखाड़ गयी। छठे ओवर में हर्षल पटेल अपनी ही गेंद पर मलान का कैच लपकने से चूक गये थे और तब इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने खाता भी नहीं खोला था। पावरप्ले के बाद पहली ही गेंद पर रॉय (27 रन) उमरान मलिक की गेंद पर बल्ला छुआकर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच देकर पवेलियन पहुंचे। फिल सॉल्ट अब मलान का साथ देने पहुंचे, पर छह गेंद खेलने के बाद हर्षल पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गये। इंग्लैंड ने 10 ओवर तक तीन विकेट पर 86 रन बना लिये थे और अच्छे स्कोर की ओर बढ़ रही थी। मलान के पांच छक्कों में रविंद्र जडेजा पर स्कवेयर लेग पर स्लॉग स्वीप और आवेश खन की फुल टॉस गेंद पर काउ कार्नर का शानदार दर्शनीय था। लिविंगस्टोन ने हैरी ब्रुक (19 रन) और क्रिस जोर्डन (तीन गेंद में 11 रन) के साथ मिलकर इंग्लैंड को 200 रन के पार कराया। लिविंगस्टोन को जीवनदान मिला जब डीप में विराट कोहली ने उनका कैच छोड़ दिया। इंग्लैंड ने अंतिम 10 ओवर में 129 रन बनाये। उमरान मलिक ने सबसे ज्यादा रन लुटाये, उन्होंने चार ओवर में 56 रन खर्चे और एक विकेट लिया।

प्रमुख खबरें

India vs Sri Lanka Test: Prasidh Krishna और Manav Suthar की घातक गेंदबाजी से बैकफुट पर श्रीलंका, जीत के करीब Team India

Mahtari Vandan Yojana: CM विष्णु देव साय ने 67 लाख महिलाओं को भेजे 631 करोड़

Air India को चाहिए $1.5 Billion की भारी Funding, Tata Sons और Singapore Airlines से मांगी बड़ी मदद

Rohingya refugees ने Bangladesh में निकाली रैली, सुरक्षित म्यांमा वापसी की मांग की