By अनुराग गुप्ता | Nov 01, 2021
दुबई। टी20 विश्व कप 2021 के शुरुआती दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया को हार सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले को 8 विकेट से गंवा दिया। इस दौरान कप्तान कोहली की सारी रणनीतियां केन विलियमसन के सामने विफल साबित हुई। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली के कोई भी दांव नहीं चले और टॉप ऑर्डर भी बिखर गया। टीम इंडिया ने महज 50 रन के भीतर ही अपने 4 कीमती विकेट गंवा दिए। इसी के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम बड़ा स्कोर बना पाने में सफल नहीं हो पाई।
फिनिशर की भूमिका निभा सकते थे राहुल
कप्तान कोहली अगर रोहत शर्मा के स्थान पर राहुल का बैटिंग ऑर्डर चेंज करते तो शायद स्कोर इससे बेहतर होता। इतना ही नहीं राहुल फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते थे। राहुल के पास मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने का अच्छा खासा अनुभव है। उन्होंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए कई शानदार रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। राहुल ने 5 मुकाबलों में 4 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 87 के औसत से 174 रन बनाए हैं।ऐसे में राहुल को 4 नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जा सकता था। इतना ही नहीं राहुल बड़े-बड़े शॉट भी खेल सकते हैं। जिसकी बदौलत हार्दिक पांड्या के ऊपर से भी दबाव थोड़ा कम हो जाता। रोहित को फर्स्टडाउन भेजने के चलते कप्तान कोहली को अपना बल्लेबाजी क्रम भी बदलना पड़ा था। उन्होंने 4 नंबर पर बल्लेबाजी कर सिर्फ 9 रन ही बनाए और सोढ़ी के हाथों अपना विकेट गंवा बैठे।कीवियों ने भारत के खिलाफ बनाए रखा अपना दबदबा
आईसीसी मुकबलों में न्यूजीलैंड के सामने टीम इंडिया काफी कमजोर दिखाई देती है। साल 2007 में पहले टी20 विश्व कप से लेकर इस साल इंग्लैंड में खेले गए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और अब टी20 विश्व कप 2021 के मुकाबलों को मिलाकर दोनों टीमों के बीच 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 7 मुकाबलों में से न्यूजीलैंड ने 6 में जीत दर्ज की और बारिश के चलते एक मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला है।