T20 World Cup Pakistan Vs Namibia | पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मुकाबला, नामीबिया पर हर हाल में करनी होगी जीत

By रेनू तिवारी | Feb 17, 2026

चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के हाथों मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप अभियान एक बेहद नाजुक मोड़ पर पहुँच गया है। बुधवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाला मुकाबला अब पाकिस्तान के लिए 'करो या मरो' की जंग बन चुका है। सुपर आठ (Super 8) की दौड़ में बने रहने के लिए पाकिस्तान को न केवल यह मैच जीतना होगा, बल्कि अपने रन-रेट पर भी ध्यान देना होगा।

इसे भी पढ़ें: Mohali Fortis में भर्ती CM Bhagwant Mann, अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

पाकिस्तान वर्तमान में भारत और अमेरिका के बाद तालिका में तीसरे स्थान पर है। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत के साथ सुपर आठ के लिए क्वालीफाई कर लिया है जबकि अमेरिका चार अंक और बेहतर रन रेट के कारण दूसरे स्थान पर है। नामीबिया से हार कागजों पर असंभव लगती है लेकिन पाकिस्तान की अस्थिर बल्लेबाजी को देखते हुए इसे पूरी तरह से नकारा भी नहीं जा सकता है।इस मैच में हार से पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और अमेरिका सुपर आठ में जगह बनाने की अच्छी स्थिति में पहुंच जाएगा।

हालांकि पाकिस्तान जिस टीम का सामना करेगी वह अपने तीनों मैच हार चुकी है और ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर है। ऐसे में सारा ध्यान पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर होगा जिसमें बाबर आजम, सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, साइम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा शामिल हैं। भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बल्लेबाजी में कमजोरी उजागर हो गई थी। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की जोड़ी ने पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 13 रन कर दिया था।

इसे भी पढ़ें: FIH Pro League 2026 | Hardik Singh को मिली टीम की कमान, निजी कारणों से होबार्ट चरण से बाहर हुए Harmanpreet Singh

पाकिस्तान के मध्य क्रम ने कोई प्रतिरोध नहीं दिखाया और नामीबिया जैसी टीम के खिलाफ भी यह चिंताजनक संकेत है। तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी भी संघर्ष करते नजर आए और उन्होंने अपने दो ओवरों में 31 रन लुटाकर एक विकेट लिया। एकमात्र सकारात्मक पहलू साइम अयूब का रहा, जिन्होंने तीन विकेट लेकर भारत के शीर्ष क्रम को मुश्किल में डाल दिया था। नामीबिया के खिलाफ अफरीदी को शुरुआत में ही विकेट लेने होंगे क्योंकि पहले छह ओवरों में प्रमुख बल्लेबाजों को आउट करने से पाकिस्तान को मैच पर हावी होने का मौका मिल जाएगा।

पाकिस्तान की पावरप्ले की कमजोरियां भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। पिछले मैच में उसकी टीम ने पावरप्ले में चार विकेट गंवाए। उसके मध्य क्रम में बार-बार होने वाले बदलावों ने स्थिति को और जटिल बना दिया है, जिससे निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की संभावना कम हो गई है। नामीबिया के पास प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं जिससे पाकिस्तान के लिए बीच के ओवरों में संघर्ष करना महंगा साबित हो सकता है। नामीबिया की टीम तीन हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है लेकिन वह जीत हासिल करके सम्मान के साथ विदाई लेने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

अगर उसकी टीम पाकिस्तान को कम स्कोर पर रोक देती है तो मैच का रुख पलट सकता है। भारत के खिलाफ चार विकेट लेकर प्रभावित करने वाले अनुभवी कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और बल्लेबाजों के लिए लगातार परेशानी का सबब बने रहने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेजे स्मिट के नेतृत्व में नामीबिया के पास उलटफेर करने की क्षमता है। सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप ने पिछले मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि जान निकोला फ्रायलिंक और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने नामीबिया के शीर्ष क्रम को जरूरी स्थिरता प्रदान की है।

टीम इस प्रकार हैं: नामीबिया: गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जान बाल्ट, जैक ब्रासेल, अलेक्जेंडर बसिंग-वोल्स्चेंक, जान फ्राइलिनक, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), मैक्स हींगो, मालन क्रूगर, डायलन लीचर, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, जे जे स्मिट, लॉरेन स्टीनकैंप, रूबेन ट्रम्पेलमैन।

पाकिस्तान: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, सलमान मिर्जा, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान, उस्मान तारिक। मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

India-China Relations | LAC पर शांति के बिना सामान्य नहीं हो सकते संबंध, अजित डोभाल की चीन को दोटूक, राजनीतिक समाधान तलाशने पर सहमत

Telangana के Suryapet में Road Accident से 6 यात्रियों की मौत, 12 घायल

Jhansi Link Expressway को UP Cabinet की मिली मंजूरी, 7968 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Haridwar के Roorkee में भाई ने की दो बहनों की गोली मारकर हत्या, जीजा गंभीर