By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2023
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी अमेरिका यात्रा और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के भारत दौरे के दौरान होने वाली उनकी वार्ता ‘शांति, समृद्धि, पृथ्वी और जन’ पर केंद्रित रहेगी। यहां एक शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पूरी धरती को भारत और अमेरिका के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों से उम्मीदें हैं।
वहीं, जी20 शिखर सम्मेलन में शरीक होने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के सितंबर में भारत की यात्रा करने की उम्मीद है। गार्सेटी ने भारत के साथ अमेरिका के संबंधों पर कहा कि दोनों देशों की सेनाएं साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, और भारत सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास अमेरिका के साथ करता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हिंद-प्रशांत को सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’ इस साल भारतीयों को जारी किये जाने वाले वीजा की संख्या के बारे में अमेरिकी राजदूत ने कहा कि अमेरिका इस साल 10 लाख वीजा जारी करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
गार्सेटी ने यहां ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा संचालित एक क्लिनिक का भी दौरा किया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं मित्र क्लिनिक का दौरा कर गर्व महसूस कर रहा हूं, यह हैदराबाद में यूएसएड द्वारा सहायता प्राप्त एक शानदार पहल है।’’ उन्होंने यहां इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस का भी दौरा किया।