By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026
चेन्नई, 28 जुलाई तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का कार्यालय जल्द ही सचिवालय परिसर स्थित नामक्कल कविग्नर मालिगई भवन की 10वीं मंजिल पर स्थानांतरित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, नया कार्यालय अधिक विशाल है और यहां से बंगाल की खाड़ी का विस्तृत दृश्य दिखाई देता है। मुख्यमंत्री अब तक ऐतिहासिक फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित कार्यालय से कामकाज कर रहे थे।
छब्बीस जुलाई से 10वीं मंजिल पर आंतरिक मरम्मत, ढांचागत बदलाव और अन्य निर्माण कार्य जारी हैं। तैयार होने के बाद यह हिस्सा उच्च सुरक्षा क्षेत्र होगा, जहां मुख्यमंत्री, उनके सलाहकार और चार सचिव बैठेंगे। सरकार ने कहा कि मुख्यमंत्री का दैनिक कामकाज नए कार्यालय से होगा, लेकिन विशेष सरकारी कार्यक्रमों के लिए वह फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित अपने ऐतिहासिक कक्ष का उपयोग करते रहेंगे।
करीब छह दशक बाद यह पहली बार होगा जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का नियमित कार्यालय फोर्ट सेंट जॉर्ज से बाहर संचालित होगा। इससे पहले 2010-11 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने कुछ समय के लिए ओमंदूरार गवर्नमेंट एस्टेट स्थित सचिवालय से कामकाज किया था। हालांकि, 2011 में सत्ता में लौटने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने सचिवालय को फिर फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थानांतरित कर दिया था।