Tamil Nadu CM Vijay ने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा का किया विस्तार, 3 मुफ्त सिलेंडर का ऐलान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 24, 2026

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की जिसके तहत लाभार्थी अब डीलक्स तथा एक्सप्रेस बस सेवाओं में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। विधानसभा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए विजय ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया और कहा कि इसकी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब परंदूर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना स्थापित नहीं की जाएगी और इसके लिए कोई अन्य स्थान चिह्नित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना पर राज्य सरकार प्रति वर्ष 6,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करेगी। अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव से पहले विजय द्वारा ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना का वादा किया गया था जिसके तहत तमिलनाडु के प्रत्येक पात्र परिवार को जीवन-यापन का खर्च कम करने के लिए हर साल छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की बात कही गई थी लेकिन शुरुआती चरण में सोमवार को तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने की घोषणा की गई। विजय ने कहा, ‘‘इससे उन लोगों का बोझ कम होगा, जो सिलेंडर खरीदने के लिए ज्यादा भुगतान कर रहे हैं।

सरकार ने रसोई गैस सिलेंडरों की लागत वहन करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे और उनकी कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि इस योजना से करीब 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों, आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों, छोटे एवं मध्यम किसानों, दिव्यांगों और गरीब परिवारों को लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ कुल 1,30,16,104 परिवारों को मिलेगा।

विजय ने कहा, ‘‘योजना पर काम शुरू हो गया है और यह योजना पोंगल (जनवरी के मध्य) 2027 के अवसर पर शुरू की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस योजना के लिए हर साल 4,000 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। विजय ने एक बड़े नीतिगत बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि परंदूर में अब ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना पर काम नहीं किया जाएगा और इसके लिए किसी वैकल्पिक स्थान की पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीवीके सरकार जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और हवाई अड्डे के कारण स्थानीय समुदायों को विस्थापित नहीं होने देगी।

परियोजना के लिए चिह्नित लगभग 55 प्रतिशत भूमि में जलाशय और आर्द्रभूमि शामिल थे, जिससे रनवे का संचालन असुरक्षित हो सकता था और क्षेत्र में बाढ़ का खतरा था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार विकास के खिलाफ नहीं है और अब चेन्नई के दूसरे हवाई अड्डे के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की तलाश की जाएगी। नया स्थान विशेषज्ञों के तकनीकी व्यवहार्यता अध्ययनों के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा और वहीं होगा जहां जनता का कोई विरोध न हो।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उत्तर-पश्चिम दिशा में पांचवां टर्मिनल स्थापित करने की योजना बनाई है, जिससे हवाई अड्डा प्रति वर्ष दो करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। तीसरे टर्मिनल का काम पूरा होने के बाद हवाई अड्डा प्रति वर्ष 3.5 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। इस घोषणा पर विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने विरोध जताते हुए दावा किया कि हवाई अड्डे का स्थान बदलने से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान होगा।

परंदूर में 27,400 करोड़ रुपये की लागत से 5,700 एकड़ से अधिक भूमि पर हवाई अड्डा बनाने की योजना मूलरूप से पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार ने 2022 में तैयार की थी। इसके खिलाफ स्थानीय किसानों और एकानापुरम गांव के निवासियों ने लगभग 1,100 दिन तक प्रदर्शन करने का दावा किया, जो 24 अगस्त 2026 को आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया।

प्रमुख खबरें

वैश्विक आतंकी Muhammad Sarwar की लाहौर में मस्जिद जाते समय गिरकर मौत

Haryana में Srinagar जा रही बस पर हमला, चालक से दुर्व्यवहार का आरोप; दो हिरासत में

Baramati Airport के पास कारोबारी Rana Suryavanshi पर हमला, गुलदस्ता देने के बहाने आए थे हमलावर

कॉजपा ने Delhi Police पर लगाया नेताओं की हिरासत जानबूझकर लंबी खींचने का आरोप