By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) महेश कुमार अग्रवाल ने बुधवार को आश्वासन दिया कि सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायक सी अरुल विग्नेश के खिलाफ दर्ज उत्पीड़न के मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। विग्नेश पर एक महिला जिलाधिकारी को अश्लील संदेश भेजने का आरोप है। अग्रवाल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कल्लाकुरिची के विधायक से जुड़े इस मामले में राजनीतिक दबाव की बात को खारिज किया।
आरोपी के सत्तारूढ़ दल का विधायक होने के मद्देनजर जांच स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ सकेगी या नहीं, इस सवाल के जवाब में डीजीपी ने कहा, ‘‘जहां तक जांच का सवाल है, यह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया और कानून के अनुसार जो भी कार्रवाई आवश्यक होगी, हम वह करेंगे।’’ पुलिस कार्रवाई के घटनाक्रम को स्पष्ट करते हुए अग्रवाल ने कहा कि शिकायतकर्ता ने 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर पुलिस विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘उच्च न्यायालय के आदेश के बाद हम एक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की निगरानी में जांच कर रहे हैं।
जांच दल आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगा।’’ इससे पहले दिन में पुलिस ने विग्नेश को समन तामील कराया और उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया। मद्रास उच्च न्यायालय ने 24 नवंबर को राज्य सरकार को किसी भी व्यक्ति को संरक्षण देने के प्रति आगाह किया था और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच कराने का आदेश दिया था। तिरुपुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) एन कामिनी जांच की निगरानी करेंगी।
अदालत ने एक आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) गठित करने का भी निर्देश दिया था। पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीजीपी ने तिरुप्परनकुंद्रम में दीपम जलाने संबंधी उच्चतम न्यायालय के निर्देश के क्रियान्वयन को लेकर हो रही आलोचना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून के अनुसार पुलिस बल तैनात करना है।
अग्रवाल ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 24 नवंबर को मदुरै में 5,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था और शीर्ष अदालत द्वारा दीप जलाने के लिए अधिकृत व्यक्तियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्तिगई दीपम उत्सव की तैयारियों के संबंध में अग्रवाल ने कहा कि पूरे राज्य में विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई थी। विशेष रूप से तिरुवन्नमलाई में 30 पुलिस अधीक्षकों और 15,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कृत्रिम मेधा (एआई) से लैस 700 से अधिक कैमरों और 12 ड्रोन का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सहायता केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मियों को तैनात किया गया था।