Tamil Nadu Prison Department ने कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की दी मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

तमिलनाडु के थेनी जिले में कैदियों के जेल से फरार होने की बड़ी घटना के बाद राज्य के जेल विभाग ने अपने कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (जेल) संदीप राय राठौर ने निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत जेल के सुरक्षाकर्मी कैदियों के फरार होने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थिति के अनुसार बंदूकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

सोमवार रात को कैदियों ने चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति का नाटक करके जेल से भागने की साजिश की थी। उन्होंने ऐसे दर्शाया जैसे उनमें से एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ा है और उसे तुरंत चिकित्सीय मदद की जरूरत है। जब एक सुरक्षाकर्मी मदद के लिए कैदियों की कोठरी में आया तो उन्होंने उसे काबू में कर लिया और उस पर हमला कर दिया।

इसके बाद उन्होंने मुख्य गेट की चाबियां छीन लीं, दरवाजा खोला और पास के वन क्षेत्र में भाग गए। इस बीच, तमिलनाडु पुलिस ने कैदियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके और पड़ोसी जिलों में 17 विशेष टीम, विशेष कार्य बल की पांच इकाइयों और निगरानी ड्रोन को तैनात कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने 27 अक्टूबर तक 17 फरार कैदियों में से 13 को फिर से पकड़ लिया था।

जेल परिसर के पास अमाचियापुरम के पर्वतीय इलाके में फरार कैदियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पर्वतीय क्षेत्रों में तलाश अभियान तेज कर दिया और पोनमुथु सेलवन तथा रेजिन को पकड़ लिया। फरार शेष दो कैदियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि थेनी की घटना के बाद राज्य की 125 जेल में निगरानी के लिए बने ‘वॉचटावर’ पर हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, कैदियों के भागने की कोशिश करने पर हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति देने का स्पष्ट फैसला किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़े विस्तृत निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इनमें ऊंचे वॉचटावर से हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों द्वारा लगातार निगरानी करना भी शामिल है।

प्रमुख खबरें

Andhra Pradesh में Cyclone Arnab से भारी नुकसान, Amit Shah से जल्द Central Team भेजने की अपील

Team India में 4 साल बाद वापसी पर बोले Bhuvneshwar Kumar, अब पहले से ज्यादा मुश्किल हुआ T20

राकांपा ने Zeeshan Siddique को सौंपी मुंबई की कमान, Umesh Patil बने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता

Abhishek Sharma की तूफानी पारी पर बोले Finn Allen, लय में आने पर रोकना नामुमकिन