Tanvi Sharma ने Unnati Hooda को हराया, Syed Modi International के फाइनल में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शनिवार को एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन उन्नति हुड्डा को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बनाई। दूसरी वरीय तन्वी (17 वर्ष) ने महिला एकल के सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति को 11-21, 21-10, 21-13 से शिकस्त दी। इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी का इस सत्र में यह दूसरा फाइनल होगा।

अब फाइनल में रविवार को तन्वी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीय सुपानिडा काटेथोंग से होगा। काटेथोंग ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त रिको गुनजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराया। हालांकि मिश्रित युगल में भारत के सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

उन्हें मलेशिया के वी यी हर्न और वन्नी गोबी ने 21-17, 21-18 से पराजित किया। दोनों भारतीय तन्वी और उन्नति के बीच मुकाबला काफी तेज गति से खेला गया रैलियां छोटी और जल्दी खत्म हुईं। पहले गेम में उन्नति ने कुछ शानदार शॉट लगाए जबकि तन्वी की ओर से कई गलतियां हुईं।

उन्नति ने एक बेहतरीन विनर के साथ 9-2 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक छह अंक की बढ़त बनाए रहीं। ब्रेक के बाद उन्नति ने तन्वी की लगातार गलतियों का फायदा उठाते हुए शानदार शॉट्स के दम पर 16-8 की बढ़त बना ली। फिर उन्होंने पहला गेम अपने नाम कर लिया।

पर कोर्ट बदलने के बाद तन्वी बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आईं। उन्होंने अपने सटीक शॉट्स की बदौलत 7-1 की बढ़त बना ली। उन्नति की सर्विस नेट में जाने से तन्वी ने 9-3 की बढ़त हासिल की।

इसके बाद उन्होंने जोरदार स्मैश लगाया और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही स्कोर 14-5 कर दिया। उन्नति लगातार शॉट चूकती रहीं और उनके दो शॉट कोर्ट से बाहर चले गए जिससे वह 10-19 से पिछड़ गईं।

एक और शानदार शॉट से तन्वी को 10 गेम प्वाइंट मिले। उन्नति का शॉट नेट में जाने के साथ ही तन्वी ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में भी तन्वी ने सटीक शॉट्स के दम पर अपना दबदबा बनाए रखा और 6-3 की बढ़त हासिल की।

उन्होंने स्कोर 9-6 किया और ब्रेक तक सीधे स्मैश के साथ पांच अंकों की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही 17-9 की बढ़त हासिल कर ली। उन्नति का शॉट नेट में जाने से उन्हें सात मैच प्वाइंट मिले।

इसके बाद उन्नति का एक शॉट कोर्ट से बाहर चला गया और तन्वी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

प्रमुख खबरें

राहुल गांधी का आरोप, Delimitation के जरिए 850 Lok Sabha सीटें कर चुनाव चुराना चाहती है BJP

Rajnath Singh ने Article 370 को बताया रुकावट, J&K को भविष्य की ओर देखने की दी सलाह

Air Pollution से Kidney Health पर संकट, PM 2.5 से बढ़ रहा Chronic Kidney Disease का खतरा

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का Net Profit पहली छमाही में 17% बढ़ा, DFS ने जारी किए आंकड़े