By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 09, 2026
नयी दिल्ली, आठ सितंबर भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पंजाब में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों की सीबीआई और एनआईए से जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को ‘‘राजनीतिक संरक्षण’’ दे रही है। चुग ने अमृतसर में एक सितंबर को अपने आवास के बाहर हुए आप के प्रदर्शन में कथित गैंगस्टर कमल बोरी की मौजूदगी की जांच की भी मांग की।
चुग ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में पंजाब में 21 से अधिक हमले हुए हैं, जिनमें पुलिस थानों पर रॉकेट लॉन्चर और ग्रेनेड से हमले भी शामिल हैं। उन्होंने संगरूर के मोहंजीत सिंह और गुलजार सिंह से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया। चुग ने कहा कि सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी तथा संगठित अपराध की चुनौतियों के बीच अपराध, मादक पदार्थ नेटवर्क, तस्करी और राजनीतिक गतिविधियों के संभावित गठजोड़ की आंतरिक सुरक्षा के नजरिए से जांच जरूरी है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में ‘‘स्वतंत्र, भयमुक्त और निष्पक्ष’’ माहौल सुनिश्चित करने की मांग की।