By अभिनय आकाश | May 27, 2024
बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार हत्याकांड पर बांग्लादेश जासूसी विभाग के प्रमुख हारुन-या-रशीद का कहना है कि'आज हमने मामले में गिरफ्तार आरोपियों के साथ क्राइम सीन को रिकंस्ट्रक्ट किया है। हमारी दूसरी टीम भी बांग्लादेश में काम कर रही है और अन्य फरार आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त हारुन ने कहा कि हम झिनाइदह-4 सांसद अनवारुल अजीम अनार हत्याकांड के भगोड़े मुख्य साजिशकर्ता अख्तरुज्जमां शाहीन को वापस लाने के लिए इंटरपोल से मदद मांगेंगे। हारुन ने यह भी कहा कि सांसद के बचपन के मित्र शाहीन को वापस लाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक के जरिये एक आवेदन दिया जाएगा।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मुंबई में कसाई का काम करने वाले एक बांग्लादेशी को इस जघन्य हत्याकांड में कथित संलिप्तता को लेकर उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस बीच, पश्चिम बंगाल सीआईडी के अधिकारियों ने शनिवार को दावा किया कि सोने की तस्करी हत्या का एक संभावित कारण हो सकता है। जांचकर्ताओं ने दावा किया कि सोने की तस्करी को लेकर अनार और उनके दोस्त, जो एक अमेरिकी नागरिक और उनका कारोबारी साझेदार है, के बीच कथित अनबन अपराध की वजह हो सकती है।