कोलकाता मेट्रो स्टेशन में दोस्त ने किशोर की चाकू मारकर हत्या की, हमलावर गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 13, 2025

उत्तर कोलकाता के दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर अपने दोस्त के साथ हिंसक झड़प के दौरान 17 वर्षीय एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा, स्थिति तनावपूर्ण होने पर एक अन्य दोस्त ने कथित तौर पर मनोजीत पर चाकू से वार कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को शुक्रवार देर रात हावड़ा स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने उसे उस समय गिरफ्तार किया जब वह ट्रेन में सवार होकर भागने की कोशिश कर रहा था।’’ उन्होंने बताया कि मनोजीत को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह अपने दोस्तों के साथ नियमित रूप से मेट्रो से घर लौटता था। मेट्रो परिसर में हथियार की मौजूदगी ने यात्रियों की जांच और निगरानी में चूक को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी चाकू लेकर मेट्रो परिसर में कैसे घुसा।

इस बीच, मेट्रो रेलवे के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि यह घटना दक्षिणेश्वर मंदिर की ओर प्रवेश द्वार के ‘‘गैर-टिकट क्षेत्र’’ में हुई, न कि प्लेटफॉर्म या फ्लैप गेट के भीतर हुई। यह पूछे जाने पर कि क्या यह स्थान मेट्रो परिसर में आता है, तो उन्होंने इसका ‘हां’ में जवाब दिया, लेकिन कहा कि फ्लैप गेट से पहले और टिकट काउंटर के पीछे मानवीय रूप से हर व्यक्ति की गतिविधि पर नजर रखना संभव नहीं होता।

उन्होंने बताया, ‘‘घटना के बाद हमने स्थानीय थाने को तुरंत सूचना दी थी और हम प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।’’ प्रवक्ता ने कहा कि ‘फ्लैप गेट’ पर ‘मेटल डिटेक्टर’ के साथ सख्त सुरक्षा जांच होती है और कोई भी हथियार लेकर उस परिक्षेत्र से अंदर नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हम मौजूदा सुरक्षा प्रणाली का आकलन और मूल्यांकन कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है