By अभिनय आकाश | Sep 06, 2024
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने कहा कि उनकी कार्यवाहक सरकार लंबे समय से लंबित तीस्ता जल-बंटवारा संधि पर भारत के साथ मतभेदों को हल करने के तरीकों पर काम करेगी, क्योंकि इसमें वर्षों तक देरी करने से किसी भी देश का कोई फायदा नहीं होगा। यहां अपने आधिकारिक आवास पर पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में यूनुस ने कहा कि दोनों देशों के बीच जल बंटवारे के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुसार हल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे (जल बंटवारे) पर बैठे रहने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है। अगर मुझे पता हो कि मुझे कितना पानी मिलेगा, भले ही मैं खुश न होऊं और हस्ताक्षर कर दूं तो बेहतर होगा। इस मुद्दे को हल करना होगा।
यूनुस ने कहा कि बांग्लादेश जैसे निचले तटीय देशों के पास कुछ अधिकार हैं जो उन्हें प्रदान किए जाने चाहिए। उनकी टिप्पणी तब आई जब जल संसाधन पर उनकी सलाहकार सैयदा रिजवाना हसन ने पहले पीटीआई को बताया कि अंतरिम सरकार किसी 'तीसरे पक्ष' के हस्तक्षेप के बिना तीस्ता जल बंटवारा संधि पर भारत के साथ बातचीत फिर से शुरू करना चाहती है।