By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 25, 2021
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यह कहने पर कि उनकी ख्वाईश है कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से विभूषित किया जाय, प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने उनपर सोमवार को पलटवार किया। नीतीश ने ट्वीट किया, हमारी ख्वाईश है कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से विभूषित किया जाय।’’ उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को इस सम्मान से सम्मानित किए जाने को लेकर पूर्व में की गई अपनी पहल की चर्चा करते हुए कहा, हमने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए अपनी अनुशंसा केन्द्र सरकार को पहले ही भेज दी है। इससे पहले भी वर्ष 2007, 2017, 2018 एवं 2019 में भारत रत्न के लिए इनके नाम की अनुशंसा की गई थी।’’
राजद नेता तेजस्वी ने कहा, जननायक कर्पूरी जी को भारत रत्न के लिए मैंने शाम 4:04 बजे ट्वीट किया। मुख्यमंत्री ने 4:24 बजे दिखावटी जवाब दिया।’’ उन्होंने कहा, अगर वास्तव में कर्पूरी जी को भारत रत्न दिलाने की नीतीश जी की ख्वाहिश है तो क्या इस माँग पूर्ति के लिए वो हमारे साथ राष्ट्रपति के सामने परेड में सम्मिलित होंगे? अन्यथा वो पहल करें।