By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अनुमान जताया है कि संसद का आगामी विशेष सत्र कई राज्यों में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बुलाया गया हो सकता है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक पर अपने पुराने रुख पर कायम रहेगी। खबरों के मुताबिक, इस विधेयक को संसद में नए सिरे से पेश किया जा सकता है।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उत्तर प्रदेश और पंजाब के विधानसभा चुनावों में महिला आरक्षण से जुड़े इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर सकता है, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, हो सकता है कि चुनावों को ध्यान में रखकर यह बैठक बुलाई गई हो। दो-तिहाई बहुमत से पारित होने वाले इस विधेयक पर राजद के रुख के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी ने कहा, बेहतर होता कि सरकार सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेती। फिर भी, हमारा पुराना रुख सभी को पता है।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रमुख घटक दलों में शामिल राजद नेता ने सभी भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील को भी हल्के अंदाज में लिया। उन्होंने कहा, कोई कुछ भी कह सकता है। उस पर अमल करना अलग बात है।
जब कोई ठोस कदम उठाया जाएगा, तब हम प्रतिक्रिया देंगे। इस बीच, तेजस्वी की इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से प्रतिक्रिया मांगी गई कि संसद की विशेष बैठक विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बुलाई गई है, तो भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पलटवार करते हुए कहा, वह (तेजस्वी) ही हर समय चुनावों के बारे में सोचते रहते हैं। बेगूसराय से सांसद सिंह ने कहा, महिला आरक्षण देश की प्रतिबद्धता है।
मैं तेजस्वी यादव को इसे लेकर विरोध करने की चुनौती देता हूं। जनता उन्हें सबक सिखाएगी। केंद्र सरकार ने संसद की चार दिवसीय विशेष बैठक बुलाई है।
लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को तथा राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी। सरकारी कामकाज की जरूरतों के अनुसार संसद की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त होगी। यह विशेष बैठक मानसून सत्र का ही विस्तार होगी।
संसद की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन सत्रावसान (सत्र का औपचारिक समापन) नहीं किया गया था।