By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी 15 नवंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेंगे और राज्य में सूखे जैसे हालात से निपटने के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता मांगेंगे। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक, दोनों नेता प्रधानमंत्री को ‘अल नीनो’ के प्रभाव के कारण राज्य में बारिश की कमी और कृषि, किसानों तथा ग्रामीण आजीविका पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव के बारे में जानकारी देंगे।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री रेड्डी स्थिति से निपटने, किसानों की कठिनाइयों को कम करने और सूखा प्रभावित क्षेत्रों को राहत पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त वित्तीय सहायता एवं सहयोग की मांग करेंगे। इसमें कहा गया है कि राज्य सरकार सूखे से निपटने के अपने प्रयासों को मजबूत करने और किसानों तथा ग्रामीण समुदायों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र का सहयोग और जरूरी वित्तीय मदद पाने की इच्छुक है। तेलंगाना सरकार ने 27 अक्टूबर को राज्य के 31 जिलों के 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए जिला अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया था।
इन 365 मंडलों में से सरकार ने 111 में गंभीर सूखे और 254 में मध्यम स्तर के सूखे की स्थिति घोषित की है। सरकार के अनुसार, तेलंगाना में एक जून से 30 सितंबर 2026 के बीच में कुल 615.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 740.6 मिलीमीटर से 17 फीसदी कम है। उसने बताया कि राज्य के 18 जिलों में खरीफ फसल का रकबा 139.28 लाख एकड़ से घटकर 126.06 लाख एकड़ रह गया है।
तेलंगाना विधानसभा ने 18 सितंबर को एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें केंद्र से अन्य उपायों के साथ-साथ 20,000 करोड़ रुपये का पैकेज देने का आग्रह किया गया है, ताकि ‘अल नीनो’ के प्रभाव से निपटा जा सके।