By अंकित सिंह | Nov 20, 2024
कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना सरकार ने 70 फीसदी से ज्यादा जाति जनगणना का काम पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे राज्य का विवरण जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर नीतियां बनाई जाएंगी। कांग्रेस नेता ने कहा, इससे सामाजिक न्याय भी मजबूत होगा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि तेलंगाना में हमारी सरकार ने जातिगत गिनती का 70% से ज़्यादा काम पूरा कर लिया है। जल्द ही पूरे राज्य का विस्तृत डेटा सरकार के पास होगा, जिसका इस्तेमाल हम नीतियां बनाने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए करेंगे।
सर्वेक्षण 6 नवंबर से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा था कि जाति जनगणना भेदभाव की सीमा और प्रकृति का आकलन करने के लिए शुरू की जाने वाली पहली प्रक्रिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा था कि उन्हें आश्चर्य है कि पीएम ने सार्वजनिक रूप से यह क्यों नहीं कहा कि वह भारत में भेदभाव के विचार को चुनौती देना चाहते हैं। उन्होंने पूछा, "प्रधानमंत्री यह पूछने से क्यों डरते हैं कि कॉरपोरेट, न्यायपालिका, मीडिया में कितने दलित, ओबीसी, आदिवासी हैं।" कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर महाराष्ट्र और झारखंड में जाति सर्वेक्षण कराने का भी वादा किया है।