By अभिनय आकाश | May 15, 2026
पाकिस्तान एक बार फिर बड़े आतंकी हमले से दहल गया है। खैबर पख्तून ख्वा के बाजौर इलाके में पाकिस्तानी सेना के कैंप पर ऐसा हमला हुआ जिसने पूरे पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आत्मघाती हमले में कम से कम 15 पाकिस्तानी सैनिकें मारे गए हैं। जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमला बेहद प्लानिंग के साथ किया गया। आतंकियों ने सबसे पहले सेना के कैंप के एक हिस्से में जोरदार धमाका किया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। इसी भगदड़ का फायदा उठाकर भारी हथियारों से लैस आतंकी कैंप के अंदर घुस गए। इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच काफी देर तक गोलीबारी और मुठभेड़ चलती रही। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी ने ली है।
इससे पहले लक्की मरवत जिले में के नौरंग बाजार में भी विस्फोटकों से भरे ऑटो रिक्शा में धमाका किया गया था। उस हमले में दो पुलिसकर्मियों और एक महिला समेत कई लोगों की मौत हुई थी। फरवरी महीने में भी इसी इलाके में बड़ा आतंकी हमला हुआ था। जिसमें पांच पुलिसकर्मी और दो आम नागरिक मारे गए थे। लगातार हो रहे इन हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद विरोधी रणनीति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।