फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत छोड़ रही थाई महिला लखनऊ हवाई अड्डे पर गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2025

 लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक थाई नागरिक को वीजा नियमों का उल्लंघन करने और भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को शुक्रवार को बताया कि थोंगफुन चायफा उर्फ डारिन चोकथनपत नाम की महिला को बृहस्पतिवार को फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके थाईलैंड जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में चढ़ने की कोशिश करते समय आव्रजन अधिकारियों ने रोक लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘वह इससे पहले 2024 में एक अलग पासपोर्ट पर भारत आई थी और वीजा उल्लंघन के कारण उसे काली सूची में डाल दिया गया था। इसके बावजूद, उसने जुलाई 2025 में जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके देश में फिर से प्रवेश किया। तब से, वह जसविंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर पर अवैध रूप से रह रही थी, जिसे अब थाई महिला के प्रवास में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।’’

पुलिस के अनुसार, सिंह ने कथित तौर पर दो अन्य लोगों - नवेंदु मित्तल और शुवेंदु निगम- की मदद से उसके लिए नकली पासपोर्ट का इंतजाम किया। ये दोनों फिलहाल फरार हैं।

महिला के जाली दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं, जिनमें कम से कम तीन पासपोर्ट, थाई राष्ट्रीय पहचान पत्र, बोर्डिंग पास शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत सरोजिनी नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रमुख खबरें

SEBI FPI Disclosure Rules: विदेशी निवेश बढ़ाने की तैयारी में सेबी, लेकिन शेयर बाजार की पारदर्शिता पर उठे सवाल

Muzaffarnagar दंगों का जिक्र कर Sangeet Som बोले, आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए

Vaikuntha Chaturdashi 2026: बैकुंठ चतुर्दशी व्रत से भक्तों की मनोकामनाएं होती हैं पूरी

Defamation Case: यूट्यूबर Dhruv Rathee के खिलाफ Delhi Court ने गैर-जमानती वारंट किया जारी