Doping Test में फेल होने के बाद थाई Badminton स्टार Pitchamon Opatniputh निलंबित

By Ankit Jaiswal | Sep 21, 2026

एशियाई खेलों में डोपिंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। थाईलैंड की बैडमिंटन खिलाड़ी पिचामोन ओपात्नीपुथ को अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने सोमवार को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। उनके नमूने में फ्यूरोसेमाइड नाम का प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, यह अभी अंतिम फैसला नहीं है और मामले की प्रक्रिया जारी है।

मौजूद जानकारी के अनुसार नमूने की जांच में फ्यूरोसेमाइड के सबूत मिले है। यह उन पदार्थों में शामिल है जिनका इस्तेमाल खेल प्रतियोगिता के दौरान ही नहीं, बल्कि हर समय बैन है।

गौरतलब है कि किसी खिलाड़ी के नमूने में बैन पदार्थ पाए जाने के बाद शुरुआती कार्रवाई के तौर पर अस्थायी निलंबन लगाया जा सकता है। इसका मतलब यह नहीं होता कि खिलाड़ी को डोपिंग का अंतिम दोषी घोषित कर दिया गया है। मामले की आगे की प्रक्रिया और खिलाड़ी के पास मौजूद कानूनी विकल्पों के आधार पर अंतिम स्थिति तय होती है।

अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी के अनुसार पिचामोन को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। विश्व डोपिंग रोधी संहिता और एशियाई ओलंपिक परिषद के डोपिंग रोधी नियमों के तहत मामले का समाधान होने तक उन पर अस्थायी निलंबन लागू रहेगा।

इस निलंबन के दौरान पिचामोन एशियाई खेलों में किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकती हैं। इसके अलावा उन्हें ट्रेनिंग लेने, किसी खिलाड़ी को ट्रेनिंग देने या एशियाई खेलों से जुड़ी किसी भी गतिविधि में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। एजेंसी ने साफ किया है कि यह रोक मामले के निपटारे तक लागू रहेगी।

बता दें कि पिचामोन के पास इस कार्रवाई को चुनौती देने का अधिकार भी है। वह खेल पंचाट न्यायालय के डोपिंग रोधी विभाग के सामने अस्थायी निलंबन के खिलाफ अपील कर सकती हैं। इसके अलावा उन्हें अपने बी-नमूने की जांच कराने का अधिकार भी दिया गया है। डोपिंग जांच में ए-नमूने के बाद बी-नमूने की जांच खिलाड़ी के लिए मामले की स्थिति स्पष्ट करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है।

अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने कहा है कि मामले की प्रक्रिया अभी जारी है और जब तक कार्रवाई पूरी नहीं होती, वह इस पर अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करेगी। इसलिए फिलहाल पिचामोन के खिलाफ केवल अस्थायी कार्रवाई हुई है और अंतिम फैसला आगे की जांच तथा उपलब्ध कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

प्रमुख खबरें

Chinese Communist Party ने Zhang Youxia और Liu Zhenli को सेना व पार्टी से निकाला

West Bengal: सांप्रदायिक तनाव की साजिश मामले में MLA Humayun Kabir बहरामपुर थाने पहुंचे

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम: 21 सितंबर की प्रमुख खबरों का संक्षिप्त विवरण

Varun Sanyal ने Asian Games से हटने पर तोड़ी चुप्पी, चयन प्रक्रिया और टीम व्यवस्था पर उठाए सवाल