ठाकुर ने कहा कि प्रवासी भारतीयों को प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत से जुड़कर दुनिया की भलाई के लिए काम करना चाहिए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 09, 2023

केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को प्रवासी भारतीय समुदाय से अपील की कि वह आकांक्षाओं से भरे भारत से तकनीक के माध्यम से जुड़े और देश के सशक्त मानव संसाधन को भुनाते हुए समूची दुनिया के हित में काम करे। ठाकुर ने इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रवासी भारतीय समुदाय से हमारा अनुरोध है कि वह तकनीक के जरिये हमसे जुड़े और न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के हित में मिलकर काम करे। आपके पास संसाधन हैं और हमारे पास मानव संसाधन हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘मैं एक व्यापार प्रदर्शनी के सिलसिले में अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान 1997 के दौरान शिकागो पहुंचा था। मैंने वहां एक अखबार उठाया जिस पर छपा था कि सपेरों और भिखारियों का देश भारत अपनी आजादी की 50वीं वर्षगांठ मनाने को तैयार है। लेकिन भारत को लेकर दुनिया का नजरिया जल्द ही बदल गया, जब हमने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण किया।’’ केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक बताया और कहा,‘‘भारत के बारे में अनुमान लगाया गया है कि देश की जीडीपी विकास दर इस साल सात प्रतिशत रहेगी। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले भारत तेज गति से तरक्की कर रहा है।’’

उन्होंने कहा कि देश में 81 करोड़ से ज्यादा इंटरनेट कनेक्शन हैं और भारत डिजिटल माध्यमों से वित्तीय लेन-देन के मामले में दुनिया का नेतृत्व करता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया,‘‘पिछले महीने भीम यूपीआई प्लेटफॉर्म पर सात अरब से ज्यादा लेन-देन हुए और करीब 12.82 लाख करोड़ रुपये अंतरित किए गए।’’ ठाकुर ने कहा कि जी-20 की मौजूदा अध्यक्षता के जरिये भारत के पास अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से दुनिया को रू-ब-रू कराने का बड़ा मौका है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देश के 55 से ज्यादा स्थानों पर जी-20 की 200 से ज्यादा बैठकें होंगी।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि तकनीक काम-काज के तौर-तरीके तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा,‘‘जब हम काम-काज के भविष्य की बात करते हैं, तो हमें एबीसी फॉर्मूला याद आता है। ‘ए’ यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ‘बी’ यानी ब्लॉक चेन और ‘सी’ यानी क्लाउड कम्यूटिंग। ठाकुर ने कहा कि आने वाले दिनों में दुनिया की सबसे कुशल मानव शक्ति भारत में होगी और भारतीय युवा ‘‘थ्री आई’’ यानी आइडिया (विचार), इंटेंट (इरादा) और ‘‘इनोवेशन’’ (नवाचार) के जरिये दुनिया के विकास में योगदान करेंगे।

प्रमुख खबरें

Carlo Ancelotti का सबसे बड़ा दांव, World Cup के लिए Brazil टीम में चोटिल Neymar की एंट्री

Elon Musk की हार से Sam Altman की राह साफ, अब IPO लाने की तैयारी में OpenAI

US-Iran Tension के बीच भारतीय बाजार में संभलकर कारोबार, Crude Oil सस्ता होने से Nifty में मामूली बढ़त।

China के दुश्मन के साथ रक्षा मंत्री की इमरजेंसी मीटिंग, क्या करने वाला है भारत?