By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 15, 2026
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गुटखा की अवैध बिक्री और जुए की गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता हरीश गजवानी (50) की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गजवानी ने 27 सितंबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए अपनी जान को खतरा होने का दावा किया था।
उनके सिर में दो गोलियां लगी थीं। पुलिस को शुरुआत में पुरानी रंजिश के कारण हत्या किए जाने का संदेह था। पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक और गिरफ्तार आरोपियों में से एक अविनाश नायडू के बीच पुरानी दुश्मनी सामने आई है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, गजवानी वर्ष 2021 के एक हत्या मामले में आरोपी थे। उन पर नायडू पर हमला करने और उसकी हत्या की कोशिश करने का भी आरोप था। पुलिस का कहना है कि समय के साथ दोनों के बीच विवाद कम हो गया था, लेकिन नायडू की रंजिश बरकरार रही और उसने कथित तौर पर गजवानी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि गजवानी उल्हासनगर में अवैध गतिविधियों से जुड़े मुद्दे अक्सर उठाते थे। इससे कथित तौर पर इन गतिविधियों में शामिल लोगों में नाराजगी थी। विट्ठलवाड़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।