Indigo के खाली स्लॉट के आवंटन के लिए सरकार ने आवेदन आमंत्रित किए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2026

सरकार ने इंडिगो के शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम में कटौती किए जाने से खाली हुए स्लॉट पर घरेलू उड़ानों के संचालन के लिए अन्य एयरलाइंस से आवेदन और प्राथमिकताएं मांगी हैं।

इस व्यापक परिचालन गतिरोध के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो के शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम में 10 प्रतिशत की कटौती कर दी थी, जिसके चलते एयरलाइन को कई स्लॉट पर परिचालन बंद करना पड़ा।

नागर विमानन मंत्रालय के बयान के मुताबिक, इंडिगो के खाली स्लॉट को आवंटित करने के लिए गठित समिति की 13 जनवरी को पहली बैठक हुई जिसमें पुनर्वितरण की प्रक्रिया और सिद्धांतों पर चर्चा की गई।

विचार-विमर्श के बाद समिति ने इच्छुक एयरलाइंस से इन स्लॉट के लिए अपने अनुरोध और प्राथमिकताएं जमा करने को कहा है, जो कुछ शर्तों के अधीन होंगी। बयान के मुताबिक, एयरलाइंस को अपना आवेदन संबंधित हवाई अड्डा परिचालकों को भेजना होगा और स्लॉट के पुनर्वितरण पर अंतिम निर्णय भी वहीं से लिया जाएगा। इसमें शर्त है कि कोई भी एयरलाइन खाली स्लॉट का उपयोग करने के लिए अपनी मौजूदा उड़ानों को बंद नहीं कर सकेगी।

हालांकि, उद्योग जगत के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अधिकांश एयरलाइंस इन स्लॉट को लेने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं। इसकी वजह यह है कि इंडिगो मुख्य रूप से कम उपयोगी स्लॉट ही छोड़ रहा है, जिनमें से अधिकांश वाणिज्यिक रूप से आकर्षक नहीं हैं।

इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है, जो प्रतिदिन 2,000 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है। डीजीसीए ने दिसंबर की परिचालन बाधाओं के लिए इंडिगो पर कुल 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था और सीईओ पीटर एल्बर्स सहित तीन वरिष्ठ अधिकारियों को चेतावनी भी दी थी।

प्रमुख खबरें

Lewis Hamilton की Barcelona में धमाकेदार वापसी, Ferrari को दिलाई सीजन की पहली जीत

Organic और Zero Maida प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले सावधान! FSSAI ने कई Brands को भेजा नोटिस।

G7 Summit से पहले France में हलचल तेज, क्या होगी PM Modi और Donald Trump की मुलाकात? इन मुद्दों पर नजर।

Dharamsala में Shubman Gill और KL Rahul का तूफान, Team India ने Afghanistan को बुरी तरह हराया