राज्यपाल ने J&K में पाबंदियों को बताया उचित , 50 हजार नौकरियों की भी घोषणा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 29, 2019

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बुधवार को कहा कि अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को हटाने के बाद राज्य में जनहानि रोकने के लिए प्रतिबंध जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की पहचान और संस्कृति सुरक्षित रहेगी। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा गत पांच अगस्त को खत्म किए जाने के बाद मलिक ने अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले तीन महीनों में राज्य में 50 हजार नौकरियां उपलब्ध होंगी। जम्मू कश्मीर में यह सबसे बड़ा भर्ती अभियान होगा। सलाहकार के. विजय कुमार, मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम और पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह के साथ मलिक ने संकेत दिया कि इंटरनेट सेवा कुछ और समय तक स्थगित रहेगी क्योंकि ‘‘राज्य के लोगों की अपेक्षा आतंकवादी और पाकिस्तानी इसका ज्यादा इस्तेमाल करते थे।’’ संक्षिप्त बयान में राज्यपाल ने कहा कि वह राज्य के लोगों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उनकी पहचान, संस्कृति, धर्म, समाज, भाषा, विरासत, हर चीज सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘’हम उन पर बाहर से कोई दबाव नहीं आने देंगे, और हम उन्हें (राज्य के लोगों) सुरक्षित रखेंगें। यह हमारे प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) का भी एक महत्वपूर्ण आश्वासन है और हम इस क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करेंगे। हम लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत करेंगे और इसे जीवंत और सही मायने में प्रतिनिधित्व वाला बनाएंगे।’

इसे भी पढ़ें: सत्यपाल मलिक ने राहुल पर दिया विवादित बयान, कहा- लोग जूतों से मारेंगे

उन्होंने कहा, ‘‘धीरे-धीरे कई ढील दी गयी है आगे और इनमें बढ़ोतरी होगी। अब कश्मीर में 111 में से 81 थाना क्षेत्रों में दिन में (लोगों की) आवाजाही को लेकर ढील दी गयी है। कुछ दिनों में कुछ और इलाकों को खोला जाएगा। गड़बड़ी वाले महज कुछ स्थान लंबे समय तक बंद रहेंगे।’’ उन्होंने स्वीकार किया कि कश्मीर घाटी में प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया। लोगों को चोट न पहुंचे, इसके लिए अत्यंत सावधानी बरती गई। राज्यपाल ने दावा किया कि स्कूल धीरे-धीरे खोले गए लेकिन कम उपस्थिति के संबंध में सवालों का उन्होंने जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन ने सरकार में 50,000 रिक्तियों को चिन्हित किया है। हम आगामी कुछ महीने में 50,000 रिक्तियों को भरेंगे। इससे हमारे नौजवानों के लिए रोजगार का सृजन होगा।

प्रमुख खबरें

क्या सच में इमरान खान की मौत हो गई? PTI बोली- 20 लाख लोग तैयार रहे

Shaurya Path: Kargil War के दौरान क्या America ने सचमुच India के GPS Signals Degradation कर धोखा दिया था?

Kerala Drug Row: कासरगोड ड्रग्स मामले में VD Satheesan पर CPI(M) का बड़ा हमला, बताया गंभीर Drug Connection

Health Tips: Digital Age में ब्रेन स्ट्रोक का नया लक्षण Dystextia, मोबाइल पर गलत मैसेज भेजना हो सकता है Stroke का संकेत