By अंकित सिंह | Mar 21, 2023
कांग्रेस और तृणमुल कांग्रेस के बीच वार-पलटवार को दौर जारी है। तृणमुल कांग्रेस ने कांग्रेस के बगैर गठबंधन की कवायद शुरू कर दी है। ममता बनर्जी खुद कांग्रेस पर निशाना साध रही हैं। इन सब के बीच टीएमसी सांसद सुष्मिता देव ने बताया है कि आखिर उनकी पार्टी कांग्रेस पर इतनी हमलावर क्यों हैं। सुष्मिता देव ने कहा किबंगाल की हर सीट पर कांग्रेस ने ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ा। फिर भी, वह राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस के साथ थीं। लेकिन मेरा मानना है कि कांग्रेस के भीतर भ्रम है। उन्होंने कहा कि बंगाल कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि ईडी राज्य में अच्छा काम कर रही है और नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई का विरोध करती है।
टीएमसी सांसद ने यह भी कहा कि आप विपक्षी नेताओं से 10-15 घंटे पूछताछ करते हैं और उन्हें रिमांड में लेते हैं। क्या अडानी से 8-10 घंटे पूछताछ करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं? यह रहस्य क्या है? सिर्फ एक, कि अडानी को पीएम मोदी का संरक्षण प्राप्त है। यह हमारा आरोप है और वे संसद में चर्चा नहीं होने देते। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारा कहना है कि गैर-बीजेपी सरकारें यह तय करें कि क्या राज्य स्तर पर अडानी घोटाले की जांच की जा सकती है, यह हमारा सुझाव है। हमें उम्मीद है कि गैर-भाजपा सरकारें इस पर विचार करेंगी।