UN ने घटाया GDP Forecast, पर दुनिया में सबसे तेज दौड़ेगी Indian Economy, रिपोर्ट में बड़ा दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 20, 2026

संयुक्त राष्ट्र ने पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितताओं और आर्थिक झटकों का हवाला देते हुए 2026 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 6.6 प्रतिशत से घटाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (यूएन डीईएसए) द्वारा मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब भी सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया कि पश्चिम एशिया संकट ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को एक और झटका दिया है जिससे वृद्धि धीमी हुई है, मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ा है और अनिश्चितता उत्पन्न हुई है।

रिपोर्ट में हालांकि कहा गया कि भारत अब भी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा और उत्पादन के 6.4 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि यह 2025 के 7.5 प्रतिशत से कम है जो ‘‘ऊर्जा आयात लागत में वृद्धि और कड़े वित्तीय हालात के दबाव’’ को दर्शाता है। पिटरले ने ‘पीटीआई-भाषा’ के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ भारत में संरचनात्मक रूप से बहुत मजबूत वृद्धि देखी गई है जो उपभोक्ता मांग, सार्वजनिक निवेश और सेवा निर्यात के मजबूत प्रदर्शन से प्रेरित रही है। ये प्रमुख कारक बड़े पैमाने पर बने रहेंगे, इसलिए भारत स्पष्ट रूप से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा।’’ रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में देश की वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत हो सकती है।

भारत की वृद्धि के अनुमान पर पूछे गए सवाल के जवाब में यूएन डीईएसए के आर्थिक विश्लेषण और नीति प्रभाग के निदेशक शांतनु मुखर्जी ने कहा कि जो देश निर्यात पर निर्भर हैं, उनके लिए यह ध्यान रखना जरूरी है कि जब आयात लागत बढ़ती है, तो निर्यात भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह एक दीर्घकालिक संरचनात्मक मुद्दा है जो तब दिखने लगता है जब माल ढुलाई लागत, लॉजिस्टिक्स लागत और औद्योगिक पेट्रोरसायन जैसे डीजल ईंधन, व्यवसायों की लागत बढ़ाने लगते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इसके बावजूद, अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तरह भारत के पास इन्हें संभालने के लिए कुछ गुंजाइश है। इसलिए हम लगातार कह रहे हैं कि बहुत कुछ इस पर निर्भर करता है कि आप इन झटकों को मौजूदा ‘बफर’ के भीतर कैसे संभाल पाते हैं, इससे पहले कि आपके भंडार तथा वित्तीय गुंजाइश खत्म हो जाए। यह महत्वपूर्ण है।’’ रिपोर्ट में 2026 में वैश्विक जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) का वृद्धि अनुमान अब 2.5 प्रतिशत लगाया गया है। यह जनवरी के अनुमान से 0.2 प्रतिशत कम है।

प्रमुख खबरें

Ram Mandir चंदा विवाद पर Digvijaya Singh का सवाल: चंपत राय को क्यों बचा रहे PM Modi?

West Indies टीम को Greaves की चोट से झटका, Shimron Hetmyer को मिला मौका

Priyanka Chopra की तरह चाहिए Glowing Skin? जानें Gold Serum के फायदे और नुकसान

Iran पर अमेरिकी हमलों के बाद अब एक्शन में आए Houthis, रेड क्रॉस के प्लेन और पायलट को पकड़ा