उनके उचित जवाब (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | May 14, 2021

कई लाख लोगों ने एक आवाज़ में कहा, ‘आप ख्याल नहीं रख रहे हैं, इंसान मर रहे हैं और इंसानियत बिलखते हुए बेहोश हो गई है और आपको राजनीति करने की पड़ी है। अभी भी सभाएं कर रहे हैं, कब सुधरेंगे आप’। कुछ क्षण चुप रह मुस्कुराते हुए उन्होंने बेहद उचित जवाब दिया, ‘प्रिय, हम राजनीति बिल्कुल नहीं कर रहे, बहुत अच्छी तरीके से सब का ख्याल रख रहे हैं। हम सभी का बराबर ध्यान रखने वाले लोग हैं, सभी तरह के ज़रूरी कदम उठा रहे हैं। हर आवश्यक निर्देश लिखित रूप में दिया जा रहा है और निर्देश प्राप्त करने की पुष्टि लिखित रूप में ली जा रही है ताकि सनद रहे। हमारे यहां सभी काम मास्क लगाकर किए जा रहे हैं, कार्यालय सैनिटाइज्ड है। हम सब नियमित अंतराल पर स्वास्थ्यवर्धक पेय पी रहे हैं। बढ़िया खाना खा रहे हैं। हाथों में उच्च कवालिटी के विदेशी दस्ताने पहनकर काम कर रहे हैं तभी हाथ धोने की ज़रूरत नहीं पड़ती और हज़ारों लीटर पानी बचा रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: प्रधानी के चक्कर में... (व्यंग्य)

आजकल आत्मनिर्भता युग चल रहा है और यह भी सच है कि कोई भी व्यक्ति या संस्था दूसरों का एक सीमा से ज्यादा ख्याल नहीं रख सकती। बस में भी अपने सामान की ज़िम्मेदार खुद सवारी होती है फिर भी हम सब का ध्यान डिजिटली रख रहे हैं। हम सब की ज़िम्मेदारी से ही देश आगे बढेगा। आप जानते हैं देश चलाने के लिए योजनाएं बनानी पड़ती हैं उन्हें सफल करना पड़ता है। बीच में छोटे मोटे काम तो छूट ही जाया करते हैं। हमने जो भी किया उसमें उच्च कोटि की नैतिकता व मानवता का पूरा ध्यान रखा ताकि दुनिया को उचित सन्देश जाए। हमने मानवता के आधार पर ही दूसरों को खाना दिया और अपनों को भूखा रहने का व्यायाम कराया। हमारे सभी कारनामे इतिहास ने स्वर्णाक्षरों में लिखने शुरू कर दिए हैं’। इतने उचित जवाब बिना मांगे मिल जाएं तो सबकी तसल्ली हो जाती है, हो रही है।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Ukraine से West Asia तक... Delhi में S. Jaishankar और US नेता Rubio के बीच इन मुद्दों पर बनी सहमति

Delhi के Hyderabad House में Jaishankar-Rubio की बैठक में बनी Global रणनीति

Gurindervir Singh ने 100 मीटर दौड़ में बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड, Federation Cup में जीता गोल्ड मेडल

America और Iran के बीच डील करीब-करीब पक्की, Donald Trump जल्द कर सकते हैं बड़ा ऐलान