बिहार में ‘डबल इंजन’ की कोई सरकार नहीं: तेजस्वी ने किया दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 02, 2022

पटना| राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को बिहार के नीतीश कुमार शासन पर सभी मोर्चों, विशेषकर रोजगार सृजन पर पूरी तरह से विफल रहने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य में कोई ‘डबल इंजन की सरकार’ नहीं है।

भाजपा केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी शासन को ‘डबल इंजन’ सरकार कहती है। हालांकि जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उनकी सहयोगी भाजपा के पास उनकी पार्टी की तुलना में अधिक विधायक हैं।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार सरकार के एक महीने में लोगों को 19 लाख नौकरियां देने के वादे का क्या हुआ? जनता अब और इंतजार नहीं कर सकती... राज्य में कोई डबल इंजन की सरकार नहीं है।’’

वर्ष 2020 में विधानसभा चुनाव से पहले, भाजपा ने अपने घोषणापत्र में बेरोजगारों को 19 लाख नौकरियों का वादा किया था। राजद ने 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की एजेंसियों की हालिया रिपोर्ट ने बिहार सरकार को लगभग सभी संकेतकों पर विफल दिखाया है।

इस बारे में जब भी मुख्यमंत्री से पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। इससे पता चलता है कि बिहार सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए गंभीर नहीं है।’’ उन्होंने दावा किया कि लोग जल्द ही मुख्यमंत्री और उनके वादों पर ध्यान देना बंद कर देंगे।

नीति आयोग की राष्ट्रीय बहुआयामी गरीबी सूचकांक बेसलाइन रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षा, पोषण, स्कूलों में उपस्थिति, बिजली, आवास और बैंक खातों जैसे अधिकांश सूचकांकों में बिहार का प्रदर्शन खराब है।

यादव ने कहा कि राजद जल्द ही राज्य में बेरोजगारी के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध शुरू करेगी।

प्रमुख खबरें

Assam Flood संकट के बीच Alia Bhatt ने फैंस से की आगे आकर मदद करने की अपील

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 726 अंक उछला और निफ्टी 24,180 के पार

विश्व जूनियर स्क्वाश टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं भारतीय पुरुष और महिला टीमें

आरडी इंडस्ट्रीज का 426 करोड़ रुपये का आईपीओ 5 अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 50-53 रुपये प्रति शेयर तय