जनता के बीच खराब छवि वाले लोगों के लिए राकांपा में कोई जगह नहीं: Ajit Pawar

By Prabhasakshi News Desk | Jan 19, 2025

शिरडी । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि जनता के बीच खराब छवि वाले किसी भी व्यक्ति के लिए उनकी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में कोई जगह नहीं है। अजित ने कहा कि गलत काम करने वालों को पार्टी से निकाल दिया जाएगा। वर्ष 2023 में अपने चाचा शरद पवार के खिलाफ बगावत कर राकांपा पर दावा करने वाले अजित पवार ने कहा कि भविष्य राकांपा का है। उन्होंने शिरडी में राकांपा सम्मेलन में अपने समापन भाषण में कहा, ‘‘गांवों और हर गली-मोहल्ले में राकांपा कार्यकर्ता का आधार तैयार किया जाना चाहिए। सभी को समन्वय के साथ काम करना चाहिए।’’

उन्होंने राकांपा कार्यकर्ताओं से युवाओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों और वकीलों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। अजित ने कहा कि राकांपा से लोग जुड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी को एकजुट रहना चाहिए और इसकी छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘जनता के बीच खराब छवि वाले व्यक्ति के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। कोई भी गलत आचरण नहीं होना चाहिए। जो लोग गलत काम करेंगे, उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा।’’

अजित की यह टिप्पणी सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में राकांपा नेता और महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे की विपक्षी दलों द्वारा की गई आलोचना की पृष्ठभूमि में आई है। उन्होंने चिकित्सा सहायता और ‘‘आश्वासन कार्यान्वयन’’ प्रकोष्ठों के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सा सहायता प्रकोष्ठ हर मंत्री के कार्यालय में होगा। अजित ने कहा कि राकांपा गणेश उत्सव तक हर निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम एक चुनावी वादा पूरा करने की कोशिश करेगी।

प्रमुख खबरें

Trump के चहेते कैंडि‍डेट्स की करारी हार, SIR पर सवाल उठाने वाली प्रमिला समेत इन भारतवंशियों ने किया कमाल

अगरतला नगर निगम चुनाव: Tripura Congress ने 49 वार्डों में उतारे प्रत्याशी, CPM पर लगाया यह आरोप

Bihar में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 46,549 किलो Ganja और हेरोइन पकड़ी

जकार्ता में 20,000 से अधिक Indonesian Troops की तैनाती, राष्ट्रपति फोन टैपिंग मामले में जांच जारी