By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 07, 2020
नयी दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर चल रही है, लेकिन मामलों में जल्द ही कमी आनी शुरू हो जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार ने उच्चतम न्यायालय में एक विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की है, क्योंकि उच्च न्यायालय ने यहां कई निजी अस्पतालों में कोविड-19 के रोगियों के लिए 80 प्रतिशत आईसीयू बेड सुरक्षित रखने की अनुमति नहीं दी है। राष्ट्रीय राजधानी में पहली बार कोरोना वायरस के 7,000 से अधिक मामले आने के बाद शुक्रवार को दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 4,23,831 हो गए। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, शहर में त्योहारी मौसम और बढ़ते प्रदूषण के बीच 58,860 जांच होने पर 7,178 नए मामले सामने आए, जबकि शुक्रवार को मरीजों के संक्रमित होने की दर 12.19 फीसदी रही। दिल्ली में बुधवार को 6,842 मामले आए थे। तीन से पाचं नवंबर तक लगातार तीन दिनों में दैनिक मामलों की संख्या 6000 से अधिक रही। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के कारण शुक्रवार को 64 नई मौतें होने से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 6,833 हो गई। कोविड-19 से बृहस्पतिवार को 26 मौतें हुईं।