By अंकित सिंह | Apr 22, 2022
लगातार एटीएम कार्ड से हो रहे धोखाधड़ी को देखते हुए भारतीय रिज़र्व बैंक ने एक बड़ी घोषणा की है। आरबीआई की यह घोषणा कार्ड धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने में बेहद ही महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। दरअसल, रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों को एटीएम से बिना कार्ड यानि कि कार्डलेस नकदी निकासी की सुविधा शुरू करने की अनुमति देने का फैसला किया है। वैसे तो काफी पहले से ही कई सारे बैंकों ने बिना कार्ड के पैसे निकालने का विकल्प दे रखा है। लेकिन अब रिजर्व बैंक के ऐलान के बाद से इसका दायरा बढ़ गया है। अब लगभग सभी बैंकों को बिना कार्ड के इस्तेमाल के ही पैसे निकालने की सुविधा देने की इजाजत दी गई है। इसका मतलब साफ है कि अब आपको पैसे निकालने के तरीके में भी अपडेट होने की जरूरत है और हम आपको यही बताने जा रहे हैं कि बिना एटीएम कार्ड के भी पैसे कैसे निकाल सकते हैं?
पहला तरीका
सबसे पहले तो आपको एटीएम में जाना होगा।
इसके बाद आपको वहां Cashless Withdrawal system का ऑप्शन चुनना होगा।
इसके बाद आपको यूपीआई के जरिए पहचान देने का एक विकल्प दिखाई देगा।
यह विकल्प क्यूआर कोड के जरिए आएगा।
इसके बाद आपको अपने मोबाइल में यूपीआई ऐप खोलना होगा और क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा।
स्कैन के जरिए ही आपका ऑथेंटिकेशन होगा।
इसके बाद आप पैसा निकाल पाएंगे।
आगे की प्रक्रिया पहले ही जैसी रहेगी।
दूसरा तरीका
दूसरी प्रक्रिया यह है कि आपको एटीएम पर रजिस्टर मोबाइल नंबर डालना होगा। इसके बाद आपको 4 अंकों का कोड भी डालना होगा, जो आपने सेट किया है। इसके बाद आपके पास एक छह अंको का ओटीपी आएगा। एटीएम पर ओटीपी डालने के बाद आपको राशि दर्ज करनी होगी। इन सभी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद आप पैसे निकाल सकते हैं।