यह बजट नहीं, विभागों का बंटवारा है, अभी जनता तक नहीं पहुंचा: अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2022

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने बजट पर चर्चा करते हुए दावा किया कि यह बजट नहीं विभागों का बंटवारा है और इसे जनता तक पहुंचने में बहुत समय लगेगा, अभी जनता तक नहीं पहुंचा है। अखिलेश ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में इज ऑफ डूइंग बिजनेस (सुगमता से कारोबार)नहीं हो रहा है, इज ऑफ डूइंग क्राइम (सुगमता से अपराध) चल रहा है। भाजपा के लोग कानून हाथ में लेकर घूम रहे हैं। बजट पर दिये गये अपने लंबे भाषण में यादव ने कहा कि यह बजट केवल सपने दिखाने का है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नई स्कीम चल रही है— वन नेशन, वन पूंजीपति। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट बृहस्पतिवार को विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने पेश किया। वित्त वर्ष 2022-23 के लिए छह लाख 15 हजार 518 करोड़ रुपये का यह बजट प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट बताया गया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार बता रही है कि अब तक का सबसे बड़ा बजट है लेकिन सरकार यह भूल जाती है कि हर बजट जो आता है वह पहले से बढ़कर आता है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय की योजनाओं को ठप कर दिया गया और यह सरकार बजट में किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं, गोवंश के हितों की रक्षा नहीं कर सकी। 

इसे भी पढ़ें: आजमगढ़ और रामपुर उप चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, आलाकमान ने बनाया यह प्लान

यादव ने सत्तापक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा, कभी कभी मुझे लोग समाजवाद सिखाने लगते हैं, नेता सदन सिखाएं तो कोई बात नहीं, जो पढ़ना नहीं जानते वे भी कभी कभी सिखाने लगते हैं। उन्होंने एक किताब का जिक्र किया और कहा कि सभी सदस्यों को यह किताब बांटना चाहता हूं। यादव ने दोहराया कि नेता सदन तो समाजवाद के बारे में जानते हैं, इसलिए उन्होंने अपने लिए एक किताब बनवाई और छपवाई, जिसके फ्रंट पर लिखा द राइज ऑफ ए सैफरन सोशलिस्ट। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर हम सोशलिस्ट हैं तो क्या गलत है, आप भी तो सोशलिस्ट हो। ये जो किसानों को पैसा बांट रहे, क्या ये सोशलिस्ट सिद्धांत नहीं है। क्या गरीब बेटियों को जो दे रहे हो वह समाजवादी सिद्धांत नहीं है। यादव ने कहा कि अगर सोशलिस्ट पर प्रश्न चिन्ह लगाते हैं तो आप डेमोक्रेटिक भी नहीं हैं, आप लोकतंत्रपर भरोसा नहीं करते, अगर लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करते और समाजवादी नहीं हैं तो आप सेकुलर भी नहीं हो सकते हैं। यादव ने शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य समेत विभागवार चर्चा करते हुए बजट की खामियां गिनाई और कहा कि यह बजट किसानों के साथ धोखा देने वाला बजट है। इतना बुरा हाल हाउसिंग सेक्टर का कभी नहीं दिखा जितना भाजपा सरकार में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आपकी गलत नीतियों और फैसलों से गाय मां की संख्या कम होती जा रही है। 

प्रमुख खबरें

Yashasvi Jaiswal और Rishabh Pant के लिए बड़ी चुनौती, Galle के मैदान पर Sri Lankan Spinners का चक्रव्यूह तैयार

Amarnath Yatra: Sharika Bhawani Temple पहुंची Chhari Mubarak, महंत दीपेंद्र गिरी ने की विशेष पूजा

Sawan Third Monday पर ग्रहों के राजा का राशि परिवर्तन, Lucky Zodiac Signs की बढ़ेगी Wealth और Reputation

Rajasthan Cabinet approves UCC Bill 2026: राजस्थान में बहुविवाह पर बैन और पंजीकरण अनिवार्य, कैबिनेट की मुहर