By अभिनय आकाश | Nov 05, 2026
रिपब्लिकन कांग्रेसमैन थॉमस मैसी ने पीट हेगसेथ से इस्तीफा देने को कहा है। उन्होंने वादा किया है कि अगर हेगसेथ ऐसा करते हैं, तो वे महाभियोग (इम्पीचमेंट) की प्रक्रिया को दोबारा शुरू नहीं करेंगे। ईरान युद्ध को लेकर बढ़ते गुस्से के बीच, मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स द्वारा कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लेने के बाद, युद्ध सचिव (सेक्रेटरी ऑफ वॉर) पर दबाव बढ़ गया है। अमेरिकी राजनीति में एक विवादास्पद हस्ती माने जाने वाले हेगसेथ के, अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी कई विरोधी बन गए हैं। मैसी ने युद्ध के बड़े समर्थक हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया। मैसी ने आरोप लगाया कि हेगसेथ ने कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ जंग छेड़कर अपने पद का दुरुपयोग किया है। बुधवार को एक्स एक पोस्ट में मैसी ने कहा कि एक ही स्थिति है जिसमें मैं महाभियोग का प्रस्ताव दोबारा पेश नहीं करूंगा: अगर हेगसेथ इस्तीफा दे दें।
रक्षा विभाग ने कहा कि हेगसेथ ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक पेंटागन का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर थॉम टिलिस ने सीबीएस न्यूज़ से कहा कि हेगसेथ को जल्द ही मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। टिलिस ने आगे कहा कि सांसदों के साथ हेगसेथ के खराब रिश्तों की वजह से, कांग्रेस में 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा खर्च पैकेज को पास कराने की ट्रंप प्रशासन की कोशिशों को नुकसान पहुंच रहा है।