डाक टिकट की जालसाजी करने वाले गिरोह में शामिल होने के आरोप में तीन गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 22, 2025

मबई पुलिस ने दिल्ली और बिहार से संचालित डाक टिकट की जालसाजी करने वाले गिरोह में कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान शमशुद्दीन अहमद (35), शाहिद रजा (35) और राकेश बिंद (45) के रूप में की गई है। बिंद को शहर से गिरफ्तार किया गया, जबकि अहमद और रजा को दिल्ली एवं बिहार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके बैंक खातों से आठ करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस रैकेट का तब पता चला जब मुंबई के मुख्य महाडाकपाल को पत्रों और लिफाफों की थोक बुकिंग में जाली टिकटों के इस्तेमाल की शिकायत मिली। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पत्रों पर चिपकाए गए 15 रुपये के कुछ टिकट संदिग्ध लगे। उन्होंने बताया कि ‘इंडिया सिक्योरिटी प्रेस’ में जांच करने पर वे नकली पाए गए।

डाक विभाग ने आंतरिक जांच की और बाद में माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सबसे पहले मुंबई निवासी राकेश बिंद को गिरफ्तार किया, जिसके पास थोक ऑर्डर के लिए डाक टिकट उपलब्ध कराने की फ्रैंचाइजी थी। इसके बाद जांच में इस रैकेट के तार बिहार और दिल्ली में जुड़े पाए गए तथा दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह गिरोह नकली डाक टिकटें उनके अंकित मूल्य से आधी कीमत पर बेचता था।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के तहत ‘सिक्कों, सरकारी टिकट, करेंसी नोट या बैंक नोट की जालसाजी’ का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

EPF का New Rule: 25,000 रुपये तक की Salary पर PF अनिवार्य! करोड़ों लोगों पर होगा सीधा असर।

PAK vs AUS T20I Series: World Cup से पहले समीकरण साधने की जंग, Lahore में होगा असली इम्तिहान।

Benfica vs Real Madrid: गोलकीपर के गोल ने पलटी बाज़ी, मैड्रिड प्लेऑफ में

Kylian Mbappe ने चैंपियंस लीग में तोड़ा Ronaldo का रिकॉर्ड, हार में भी चमके