Kottayam में स्कूली छात्र को धमकाकर 24 लाख का सोना चुराने वाले 3 युवक गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

कोट्टायम, नौ नवंबर केरलम में कोट्टायम के पास पांपाडी में नौवीं कक्षा के एक छात्र को डरा-धमकाकर उसके घर से लगभग 24 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने चोरी कराने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पांपाडी के रहने वाले तीनों आरोपी अंसल मोहम्मद, निधिन निषाद और शेबिन अब्राहम (सभी की उम्र 18 वर्ष) ने छात्र (15) को मजबूर करके उसकी मां के 24 सोवरेन सोने के आभूषण चोरी करवाए।

दक्षिण भारत में सोने के गहनों का वजन बताने के लिए ‘सोवरेन’ का उपयोग किया जाता है, जहां एक सोवरेन आठ ग्राम सोने के वजन के बराबर होता है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उसी स्कूल के पूर्व छात्र हैं, जिसमें वह लड़का फिलहाल पढ़ाई कर रहा है। आरोपी उस ट्यूशन सेंटर में भी पढ़ते थे, जहां उनकी मुलाकात लड़के से हुई थी।

आरोप है कि ये तीनों इस साल मार्च के पहले हफ्ते से ही छात्र को लगातार डरा-धमका रहे थे। आरोपियों ने छात्र को धमकी दी थी कि यदि उसने अपनी मां के सोने के गहने उन्हें नहीं सौंपे, तो वे उसे और उसके माता-पिता को झूठे मामलों में फंसा देंगे तथा उन्हें जान से मार डालेंगे। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने हाल ही में छात्र को अपनी साइकिल बेचकर उससे मिलने वाले पैसे भी उन्हें देने के लिए धमकाया था।

अधिकारियों के अनुसार, इस भारी दबाव में आकर छात्र ने घर की अलमारी में रखे सोने के गहने निकाले और मार्च से लेकर अब तक अलग-अलग समय पर थोड़ा-थोड़ा करके तीनों आरोपियों को दे दिए। इन गहनों में चूड़ियां, चेन, हार, झुमके, अंगूठियां और कंगन शामिल थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है। छात्र के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रविवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने छात्र से लिए गए सोने के गहनों का क्या किया। अधिकारियों ने बताया कि रिमांड प्रक्रिया के तहत तीनों को अदालत में पेश किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Horoscope 09 November 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल

Digital Border निगरानी व्यवस्था में देरी पर European Union ने IBM और Atos पर मुकदमा दर्ज किया

पहले प्यार, फिर तकरार और आखिर में... रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए पार करने पड़ते हैं ये 7 पड़ाव

गोवर्धन पूजा: प्रकृति, आस्था और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना का पर्व