By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनावी गणित और परिसीमन पर ध्यान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास शहरी विकास को लेकर कोई स्पष्ट रूपरेखा नहीं है। जूली ने दावा किया कि राज्य सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी से भाजपा में बेचैनी है और वह अपनी चुनावी संभावनाएं बेहतर करने के लिए परिसीमन पर निर्भर है।
जूली ने आरोप लगाया, “मौजूदा सरकार के कार्यकाल में शहरी बुनियादी ढांचा बदहाल हो गया है।” उन्होंने जयपुर की सड़कों पर गड्ढों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘जब राज्य की राजधानी में सड़कों की यह स्थिति है तो छोटे शहरों और कस्बों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।’’ जूली ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में दवाओं और उपचार से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं जबकि सरकारी विद्यालय खराब बुनियादी ढांचे समेत कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।