By नीरज कुमार दुबे | Jul 29, 2024
दक्षिण कश्मीर के अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए देशभर से श्रद्धालुओं के आने का दौर जारी है। हम आपको बता दें कि प्राकृतिक रूप से बने बर्फ के शिवलिंग के अब तक साढ़े चार लाख से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष लगभग 4.59 लाख तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किए थे इसलिए लगता है कि इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या का पिछला रिकॉर्ड टूट जायेगा।
वैसे, इस दुर्गम पवित्र स्थल पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बन रहा है। नाचते गाते और भोले की भक्ति में ओजस्वी नारे लगाते भक्तों का सैलाब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने गंतव्य के लिए रोजाना रवाना हो रहा है।